25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / पुराने साथी, लेकिन बदली हुई सियासी जमीन; पंजाब चुनाव में इस बार SAD-BJP गठबंधन की राह नहीं होगी आसान

पुराने साथी, लेकिन बदली हुई सियासी जमीन; पंजाब चुनाव में इस बार SAD-BJP गठबंधन की राह नहीं होगी आसान

बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। वोट शेयर में बदलाव, सीटों के बंटवारे, राजनीतिक समीकरणों और आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं को देखते हुए, दोनों ही पार्टियों के लिए आगे का चुनावी रास्ता आसान नहीं होगा।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चंडीगढ़ पंजाब

•

image

Anand Shekhar

•

Updated: 25 Nov 2026, 7:39 AM IST

BJP-SAD Alliance

पंजाब में BJP-अकाली गठबंधन की राह मुश्किल (फ़ोटो- X@ArvinderLovely)

BJP-SAD Alliance: पंजाब की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) फिर से एक साथ आ गए हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा इस गठबंधन की घोषणा से पुराने राजनीतिक समीकरणों की वापसी तो हुई है, लेकिन 1997 से लेकर अब तक तीन बार मिलकर सरकार बना चुके इन पुराने सहयोगियों के लिए अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की राह आसान नहीं होगी।

2017 से सत्ता से बाहर रहे इस गठबंधन का सामना अब एक ऐसे राजनीतिक माहौल से है, जहां आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी योजनाओं के दम पर मैदान में है और कांग्रेस ने भी अपनी अंदरूनी कलह को भुलाकर एकजुट होने का संकेत दिया है। इसके अलावा, 2024 के लोकसभा चुनाव में अकाली दल से ज्यादा वोट हासिल करने के बाद भाजपा का सीट बंटवारे के पुराने फॉर्मूले पर सहमत होना आसान नहीं होगा।

अकाली दल को बड़े भाई का दर्जा, पर अब कमजोर नहीं रही BJP

अमित शाह ने अकाली दल को बड़े भाई की भूमिका देने और मुख्यमंत्री पद उसी के पास रहने का ऐलान किया हो, लेकिन अब BJP सिर्फ एक जूनियर पार्टनर बनकर रहने की स्थिति में नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनाव में, BJP ने अपना वोट शेयर लगभग दोगुना करके 18.56% तक पहुंचा दिया, जो अकाली दल के 13.42% वोट शेयर से पांच प्रतिशत से भी ज्यादा है।

पिछले छह वर्षों में BJP ने कांग्रेस से कई जाट सिख नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल किया है, जिससे उसकी केवल शहरी हिंदू व्यापारियों की पार्टी वाली पुरानी छवि बदली है। इसके साथ ही, पार्टी ने राज्य की 32% से अधिक दलित आबादी को अपने साथ जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री का डेरा बल्लां का दौरा और संत रविदास की 650वीं जयंती के आयोजन जैसे कदम भी उठाए हैं। ऐसे में इस बात की संभावना कम है कि बीजेपी पिछली बार की तरह केवल 23 सीटों पर चुनाव लड़कर संतुष्ट हो जाएगी।

पंथिक वोटों को लेकर चुनौती

अकाली दल के लिए एक सकारात्मक बात यह है कि प्रेम सिंह चंदूमाजरा और बीबी जागीर कौर जैसे अनुभवी नेता पार्टी में वापस आ गए हैं। इसके अलावा, रद्द हो चुके कृषि कानूनों के खिलाफ ग्रामीण इलाकों में जो नाराजगी थी, वह भी अब कम होती दिख रही है, हाल ही में दो किसान संगठनों ने अकाली दल को अपना समर्थन दिया है। लेकिन खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले 'अकाली दल (वारिस पंजाब दे)' और पूर्व कार्यवाहक अकाल तख्त जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के 'अकाली दल (पुनर सुरजीत)' के सामने आने से SAD के पारंपरिक पंथिक वोट बैंक के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।

AAP के पांच साल के शासन ने बदली चुनावी जमीन

पंजाब में 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्ता हासिल की थी। अब मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में AAP सरकार अपने पांच साल के कामकाज के आधार पर जनता से नया जनादेश मांगने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने अपनी कल्याणकारी योजनाओं को अपनी प्रमुख चुनावी उपलब्धियों के रूप में पेश किया है।

रिपोर्टों के अनुसार, पंजाब में लगभग 90 प्रतिशत परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली मिल रही है। इसके अलावा जुलाई में शुरू की गई मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिलनी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब में अपने कार्यकाल के दौरान लागू की गई इन योजनाओं को मुख्य चुनावी मुद्दों के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है। ऐसे में विपक्षी दलों के सामने केवल वादे करने के बजाय अपने पिछले कामकाज और भविष्य की योजनाओं का ठोस ब्यौरा देने की चुनौती होगी।

नशीले पदार्थों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष के निशाने पर गठबंधन

बीजेपी-अकाली दल गठबंधन ने नशीले पदार्थों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को अपनी मुख्य प्राथमिकताओं में रखा है। हालांकि, इन मुद्दों को लेकर गठबंधन को विपक्ष के तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है। विपक्ष लंबे समय से पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या के लिए अकाली दल को जिम्मेदार ठहराता रहा है। 2017 के चुनाव के दौरान, भगवंत मान ने नशीले पदार्थों के मुद्दे को अपने राजनीतिक प्रचार का मुख्य केंद्र बना दिया था।

ऐसे में, गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती मतदाताओं को यह भरोसा दिलाना होगी कि उनके पास पंजाब की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान मौजूद है। चुनाव घोषणापत्र में सिर्फ नशा-मुक्त पंजाब और भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा कर देना ही काफी नहीं होगा।