सचिन पायलट के मुताबिक, राज्य चुनाव समिति की बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों और अन्य सदस्यों ने चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में सभी नेताओं ने अपने-अपने जिलों में जिम्मेदारी से काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। पार्टी उनके सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी। पायलट ने बताया कि अब उम्मीदवारों के नामों पर विचार स्क्रीनिंग कमेटी के स्तर पर होगा। इसके बाद सिफारिशें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजी जाएंगी। पायलट ने कहा कि कांग्रेस के पास मजबूत उम्मीदवार हैं। पार्टी अच्छे नाम और साफ छवि वाले नेताओं को प्राथमिकता देने की कोशिश करेगी। उन्होंने युवाओं को भी अवसर देने की बात कही।