
पंजाब में आगामी विधानसभा (Punjab Assembly Elections) चुनाव से पहले कांग्रेस ने तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) के अध्यक्ष परगट सिंह (Pargat Singh) ने मंगलवार को बताया कि पार्टी राज्य से जुड़े मुद्दों को उजागर करने के लिए 'पंजाब मांगदा इंसाफ' (Punjab Maangda Insaf) अभियान शुरू करेगी। यह अभियान पूरे राज्य में चलाया जाएगा। इसमें लोगों तक पहुंचने के कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं की बैठकें और एक साइकिल यात्रा भी शामिल होगी।
पत्रकारों से बात करते हुए परगट ने बताया कि यह अभियान गुरुवार 12 नवंबर से शुरू होगा। इससे पहले 4 नवंबर को संगरूर में पार्टी की 'इंसाफ रैली' हुई थी, जिसके ज़रिए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अपने राजनीतिक अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने अपने घोषणापत्र की तैयारियों के तहत वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और सांसदों से भी सुझाव मांगे हैं। परगट ने कहा, "हमारी घोषणापत्र समिति की एक बैठक हुई। हमने सबसे वरिष्ठ सदस्यों से सुझाव मांगे। हमने हर विधायक, हर सांसद और अपने सभी वरिष्ठ नेताओं से सुझाव मांगे और उन्होंने अपने सुझाव दिए भी।"
'पंजाब मांगदा इंसाफ' अभियान के एजेंडे के बारे में बताते हुए परगट ने कहा कि पंजाब की जनता को कई मोर्चों पर न्याय चाहिए और कांग्रेस विभिन्न गतिविधियों के ज़रिए इस संदेश को राज्य के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा, "हमने जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, उसके बाद अब हम 4 नवंबर को हुई 'इंसाफ रैली' को आगे बढ़ा रहे हैं। उस रैली से ही हमारे पंजाब अभियान की शुरुआत हुई थी, जिसमें मल्लिकार्जुन खरगे जी और राहुल गांधी जी ने भाषण दिए थे। हम कल से यह अभियान शुरू कर रहे हैं, जिसकी थीम है 'पंजाब मांगदा इंसाफ' यानी पंजाब न्याय मांगता है। पंजाब कई मोर्चों पर न्याय की मांग कर रहा है।" परगट ने यह भी बताया कि अभियान के पहले दिन पार्टी आईटी सेक्टर पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित करेगी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेगी। अगले दिन एक साइकिल यात्रा शुरू होगी और कांग्रेस नेता पंजाब भर में अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।