राष्ट्रीय

दोस्त की शादीशुदा बहन से अवैध संबंध, जीजा-साले ने रचा मौत का खेल, आखों में चाकू घोप कर खेत में फेंका शव

बिहार के बेगूसराय में एक शख्स ने अपने बचपन के दोस्त की हत्या कर दी। मृतक का आरोपी की शादीशुदा बहन के साथ अफेयर चल रहा था। इसी से नाराज होकर आरोपी ने बहन के ससुराल वालों के साथ मिल कर उसकी हत्या कर दी।
3 min read
• •
Updated: 6 Dec 2025, 3:31 PM IST
Crime News
मृतक नंदन कुमार (फोटो- पत्रिका ग्राफिक्स)

बिहार के बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने बचपन के दोस्त को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। यह मामला बलिया थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव का है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय नंदन कुमार के रूप में हुई है। नंदन का अपने दोस्त की शादीशुदा बड़ी बहन के साथ अफेयर चल रहा था। इसका पता चलने पर नंदन के दोस्त और उसकी बहन के ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।

आठ दिन बाद मिला शव

जानकारी के अनुसार, नंदन की हत्या 27 नवंबर की रात भागलपुर में हुई थी। इसके आठवें दिन नंदन की लाश उसकी प्रेमिका के घर से 500 मीटर दूर खेत में पाई गई थी। गुरुवार सुबह नंदन के शव को उसके गांव लाया गया और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। नंदन के ही गांव में रहने वाला राजा नामक का लड़का उसका बचपन का दोस्त था। दोनों के बीच बहुत गहरी दोस्ती थी और दोनों एक दूसरे के घर भी आते जाते थे।

महिला शादीशुदा और उसके तीन बच्चे भी

राजा के घर जाने-आने के दौरान ही नंदन का उसकी बड़ी बहन के साथ अफेयर शुरू हो गया। राजा की बहन की शादी होने और उसके तीन बच्चे होने के बावजूद भी दोनों के बीच अफेयर जारी रहा। नंदन अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल जाया करता था और दोनों फोन पर भी बातें करते थे। कुछ समय पहल महिला के ससुराल वालों को उस पर शक हो गया और उन्होंने उसके भाई राजा और परिवार वालों को उसके अफेयर की बात कह दी।

हत्या से पहली रात नंदन के साथ रहा राजा

इसके बाद परिवार ने जब महिला पर दबाव बनाया तो उसने कबूल किया कि उसका अफेयर राजा के दोस्त नंदन से चल रहा है। इस बात से राजा इतना नाराज हुआ कि उसने अपनी बहन के पति और ससुराल वालों के साथ मिल कर दोस्त नंदन की मौत की साजिश रच डाली। घटना से एक दिन पहले 26 नवंबर की रात राजा और नंदन देर रात तक एक साथ गांव के मंदिर में बैठे रहे। इस दौरान राजा ने नंदन को बिल्कुल शक नहीं होने दिया कि वह उसकी हत्या करने वाला है।

दो दिन बाद परिवार ने दर्ज कराई रिपोर्ट

घटना वाली सुबह राजा बहन के बेटे के जन्मदिन की बात कह कर नंदन को अपने साथ ले गया। राजा और नंदन गांव के अन्य चार युवकों के साथ उसकी बहन के ससुराल भागलपुर आ गए। इसके बाद दो दिनों तक नंदन ने अपने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया। नंदन के परिवार ने 29 नवंबर को थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने नंदन की लास्ट लोकेशन ट्रेस की तो वह भवानीपुर दिख रही थी। भवानीपुर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई और तलाशी के दौरान गुरुवार को उन्हें नारायणपुर के चौफेला बहियार स्थित खेत से नंदन की लाश मिली।

चाकू से शरीर और आंखों पर किया वार

पुलिस के अनुसार, नंदन की लाश उन्हें बहुत ही खराब हालत में मिली थी। उसके हाथ-पैर तोड़ कर रस्सी के सहारे कंधे से बांध रखे थे। जख्मों को देख कर लग रहा था कि नंदन के शरीर और उसकी आंखों पर भी चाकू से वार किया गया था। उसके शरीर पर अंडरवियर के अलावा और कोई कपड़ा नहीं था। नंदन का शव उसकी प्रेमिका के घर से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर मिला था। पुलिस जब प्रेमिका के घर पहुंची तो वहां उन्हें सिर्फ वो और उसकी सास मिले। परिवार के बाकि लोग और राजा का भी पूरा परिवार घटना का खुलासा होने के बाद से फरार है। नंदन के परिवार ने पुलिस में आवेदन दे कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
6 Dec 2025, 3:31 PM IST
Published on: