राष्ट्रीय

दुल्हन के जोड़े में उठ गई अर्थी, शादी के दौरान पहुंचा प्रेमी और स्टेज पर खड़ी दुल्हन के पेट में मार दी गोली

बक्सर में शादी समारोह के दौरान दुल्हन के प्रेमी ने उसे गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे वाराणसी रेफर किया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

2 min read
Feb 25, 2026
शादी के स्टेज पर दुल्हन को मारी गोली (फोटो- THΞRΞΛLPIVOT एक्स पोस्ट)

बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया जब स्टेज पर बैठी दुल्हन को गोली मार दी गई। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जब परिवार और मेहमान खुशी के माहौल में शादी की रस्में निभा रहे थे। इसी दौरान दुल्हन आरती कुमारी को उसके कथित प्रेमी ने गोली मार दी, जिससे समारोह में अफरातफरी मच गई। आरती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें

‘पापा ने मम्मी का गला दबा दिया’…मां की लाश से लिपटकर रोते रहे मासूम, लावारिश पड़ा मिला गर्भवती का शव

घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

जानकारी के मुताबिक 18 वर्षीय आरती कुमारी अपने होने वाले पति के साथ स्टेज पर बैठी थीं। परिवार के सदस्य और मेहमान स्टेज के सामने मौजूद थे। एक युवती, जिसे आरती की बहन बताया जा रहा है, रस्म के तहत दूल्हे के माथे पर सिंदूर लगा रही थी और फिर आरती की ओर बढ़ी। तभी सामने खड़े मेहमानों की भीड़ में से एक युवक ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायर कर दिया। गोली आरती के पेट में, नाभि के पास जा लगी। इतने में कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई। कुछ लोग दुल्हन को संभालने और होश में रखने की कोशिश करने लगे, जबकि अन्य लोग चिल्लाते हुए समारोह स्थल से बाहर भागे। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोपी के माता-पिता को पुलिस ने लिया हिरासत में

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में हुई है, जो आरती का पड़ोसी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था और इसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके माता पिता को हिरासत में लिया है। अतिरिक्त थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी पहले भी एक शराब मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

घटना के बाद घायल आरती को तुरंत नजदीकी सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार यहीं इलाज के दौरान आरती की मौत हो गई। आरती की बारात बलिया जिले से आई थी, जो उत्तर प्रदेश में स्थित है। घटना के तुरंत बाद बारात बिना शादी संपन्न हुए वापस लौट गई। खुशियों का माहौल कुछ ही पलों में गम में बदल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश जारी है।

Updated on:
25 Feb 2026 02:26 pm
Published on:
25 Feb 2026 01:53 pm
Also Read
View All

अगली खबर