हांसी की एचडीएफसी बैंक कर्मचारी महक की बहादुरगढ़ में गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह पति के साथ गुरुग्राम जा रही थी। पुलिस जांच में पति पर शक जताया जा रहा है।
हरियाणा के हांसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति के सामने उसकी पत्नी की बेरमही से हत्या कर दी गई। यह घटना बहादुरगढ़ की बताई जा रही है। मृतक महिला अपने पति के साथ वैलेनटाइन डे मना कर वापस लौट रही थी उसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कैंची से महिला की गर्दन पर वार किया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान महक के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थी। रविवार रात करीब 7 बजे महक अपने पति अंशुल के साथ हिसार से गुरुग्राम के लिए निकली थी। जानकारी के अनुसार, बादली और बहादुरगढ़ के बीच यह वारदात हुई। रात करीब 11 बजे अंशुल ने खुद पुलिस को कॉल कर पत्नी की मौत की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में रखवाया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महक के गले पर कैंची से वार किया गया था। फिलहाल पुलिस हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
इस हत्याकांड में सबसे अहम बात यह है कि पुलिस को प्रथम दृष्टया पति पर ही शक है। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। अंशुल गुरुग्राम में सीए के तौर पर काम करता है, जबकि महक उसी शहर में बैंक में नौकरी करती थी। दोनों की शादी पिछले साल सितंबर में अरेंज मैरिज के तहत हुई थी। बताया जा रहा है कि महक प्रेग्नेंट भी थी, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। अंशुल के पिता रमेश धवन ने ही रात में लड़की के परिवार को फोन कर हादसे की सूचना दी थी। सूत्रों के अनुसार, 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के मौके पर महक और अंशुल हिसार आए थे।
दोनों अपने-अपने जॉब के चलते गुरुग्राम में रहते थे। रविवार शाम वे वापस गुरुग्राम लौट रहे थे, लेकिन कुछ घंटों बाद ही यह दर्दनाक घटना सामने आई। महक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता कृष्ण कथूरिया हांसी की सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते हैं। वहीं अंशुल का परिवार हिसार के सेक्टर 14 में रहता है और उसके पिता क्लॉथ मार्केट में अकाउंटेंट हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल, फोरेंसिक रिपोर्ट और घटनास्थल के सबूतों के आधार पर सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। फिलहाल पूरा मामला रहस्य बना हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।