नवी मुंबई के गोठिवली गांव में एक ट्यूशन टीचर पर क्लास 8 की छात्रा को 20 बार मारने का आरोप लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि बाल संरक्षण विभाग ने भी दखल दी है।
महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पहाड़े याद नहीं करने पर एक ट्यूशन टीचर ने आठवीं कक्षा की छात्रा की जमकर पीटाई कर दी। छात्रा के परिवार के अनुसार टीचर ने उसके हाथ पर लकड़ी के चिमटे से करीब 20 बार मारा। परिवार ने आरोपी टीचर के खिलाफ केस दर्ज किया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इसी के साथ ठाणे जिला बाल संरक्षण विभाग भी इस जांच में शामिल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना गोठिवली गांव की बताई जा रही है। आरोपी टीचर की पहचान रुपाली थावी के रूप में हुई है। पीड़िता छात्रा की मां पूनम वडके के अनुसार उनकी बेटी पिछले पांच सालों से रुपाली के यहां ट्यूशन पढ़ रही थी। रुपाली अपने घर पर ही ट्यूशन क्लास चलाती है। रुपाली से सभी बच्चों को पहाड़े याद करने को कहा था लेकिन जब पीड़िता बच्ची टेबल सही तरह से नहीं सुना पाई तो रुपाली ने सजा के तौर पर उसे डंडे मारे।
इस सजा के चलते बच्ची के हाथ में सूजन और लाल निशान पड़ गए और उसे बहुत तेज दर्द होने लगा। बच्ची के माता पिता को जब इस बात का पता चला तो वह उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए और उसके हाथ का एक्स रे करवाया। हालांकि बच्ची की रिपोर्ट में कुछ गड़बड़ी नहीं आई और उसका हाथ फ्रैक्चर नहीं हुआ था। परिवार के अनुसार इस बारे में जब उन्होंने ट्यूशन टीचर से सवाल किए तो उसने कहा कि बच्ची पढ़ाई में ध्यान नहीं देती और अन्य बच्चों को भी सजा दी जाती है। टीचर ने यह भी कहा कि यदि उन्हें समस्या है तो वे अपनी बेटी को किसी अन्य ट्यूशन क्लास में भेज सकते हैं।
इसके बाद परिवार ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बच्ची की मेडिकल जांच करवाई है और क्लास में पढ़ने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या अन्य बच्चों के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ठाणे जिला बाल संरक्षण विभाग ने भी इस मामले में हस्तक्षेप किया है। विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर बाल संरक्षण कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।