20 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली के ट्रैफिक जाम से परेशान हुए ब्रिटेन के पूर्व पीएम, मजाकिया लहजे में बोले- AI बहुत कुछ कर सकता है लेकिन…

India AI Impact Summit 2026: भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट 2026 में ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक भी पहुंचे। उन्होंने भारत की प्रगति पर बात की। साथ ही दिल्ली के ट्रैफिक जाम को लेकर भी चुटकी ले डाली।

2 min read
Google source verification
India AI Impact Summit 2026

Rishi Sunak (सोर्स- PTI)

IndiaAI Impact Summit 2026: देश की राजधानी दिल्ली का ट्रैफिक जाम अक्सर आम लोगों के लिए सिरदर्द बना रहता है, लेकिन इस बार इसकी चपेट में एक अंतरराष्ट्रीय शख्सियत भी आ गई। मौका था प्रतिष्ठित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का, जहां दुनियाभर के तकनीकी विशेषज्ञ और नेता जुटे थे। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जा रहा है।

ब्रिटेन के पूर्व पीएम भी पहुंचे (AI Impact Summit 2026)

इस वैश्विक मंच पर शामिल होने पहुंचे ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को भी राजधानी के भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। जाम के कारण उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में देरी हुई। हालांकि, उन्होंने इस असुविधा को गंभीर मुद्दा बनाने के बजाय हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया और अपनी बात से माहौल को खुशनुमा बना दिया।

ऋषि सुनक ने ट्रैफिक को लेकर किया मजाक

मंच पर पहुंचते ही उन्होंने मुस्कुराते हुए देरी के लिए खेद जताया। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने दुनिया में क्रांति ला दी है और कई जटिल समस्याओं का समाधान खोज निकाला है, लेकिन अभी तक दिल्ली के ट्रैफिक की गुत्थी सुलझाना उसके बस की बात नहीं बन पाई है। उनकी ये टिप्पणी सुनकर सभागार में मौजूद लोग ठहाकों से गूंज उठे।

हालांकि, उनकी बात में हल्का व्यंग्य भी छिपा था, जो राजधानी की पुरानी ट्रैफिक समस्या की ओर इशारा करता है। दिल्ली में बढ़ती आबादी, वाहनों की संख्या और सड़कों पर दबाव लंबे समय से चर्चा का विषय रहे हैं। ऐसे में सुनक का बयान तकनीकी प्रगति और जमीनी चुनौतियों के बीच के अंतर को रेखांकित करता नजर आया।

भारत की तकनीकी प्रगति पर की बात (AI Impact Summit 2026)

अपने संबोधन के दौरान सुनक ने भारत की तकनीकी प्रगति की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एआई के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में मजबूत स्थिति बनाई है। उन्होंने ये भी मजाकिया अंदाज में कहा कि एआई की दौड़ में भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, खेल की दुनिया का जिक्र करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि इंग्लैंड अब भी आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है।

भारत के नेतृत्व की प्रशंसा की

पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत के नेतृत्व की भी प्रशंसा की और कहा कि देश ने नवाचार और तकनीकी विकास के क्षेत्र में जिस ऊर्जा और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, वो प्रेरणादायक है। उन्होंने माना कि भारत तेजी से वैश्विक एआई शक्ति के रूप में उभर रहा है और ये उपलब्धि केवल सरकार ही नहीं, बल्कि यहां के वैज्ञानिकों, उद्यमियों और युवाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

समिट में तकनीक, नीति और नवाचार से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने एआई के भविष्य, उसके सामाजिक प्रभाव और नैतिक पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया। इस बीच सुनक की ट्रैफिक वाली टिप्पणी पूरे आयोजन की सबसे चर्चित बात बन गई।