राष्ट्रीय

दिल्ली में दो भाइयों को मारी गोली, एक की मौत और दूसरे की हालत गंभीर

दिल्ली के शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में देर रात दो चचेरे भाइयों को गोली मार दी गई। इस घटना में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घायल युवक के पेट में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है।

2 min read
Oct 17, 2025
दिल्ली में दो भाइयों को मारी गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर)

राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां उत्तर पूर्व में स्थित शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक गोलीबारी की घटना हो गई। इस दौरान अज्ञात बदमाशों ने दो चचेरे भाइयों को गोली मार दी। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान उवम के रूप में हुई है, वहीं घायल युवक का नाम नदीम है, जिसके पेट में गोली लगी है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़ें

मां ने नहीं दिए शराब के लिए पैसे तो बेटे ने हाथ-पैर बांध कर पीटा, फिर काट दिया गला

पुलिस को रात तीन बजे मिली सूचना

पुलिस को रात करीब तीन बजे एक कॉल के जरिए दुर्घटना की सूचना मिली। फोन करने वाले ने पुलिस को बताया कि शास्त्री पार्क रेड लाइट चौक के सर्विस रोड पर दो व्यक्ति खून से लथपथ अवस्था में पड़े है। सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां दो युवकों को गोली लगी हुई हालत में पाया गया। दोनों को तत्काल जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उवम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, नदीम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अपनी बहन के घर आया था मृतक युवक

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उवम अपनी मां के साथ उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से दिल्ली के गांधीनगर, कैलाश नगर, गली नंबर 17 में अपनी बहन के घर आया था। मृतक के पिता ने बताया कि देर रात दो बजे से उवम की तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा था। कुछ देर बाद पुलिस से कॉल आई कि वह घायल अवस्था में मिला है, लेकिन बाद में उसकी मौत की पुष्टि हुई। पुलिस को अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोलीबारी के पीछे की वजह क्या थी और हमलावर कौन थे। जांच अधिकारियों का कहना है कि नदीम के होश में आने और बयान देने के बाद ही हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा। आरोपियों की तलाश के लिए घटनास्थल से कुछ अहम सुराग जुटाए गए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच का जा रही है।

Published on:
17 Oct 2025 12:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर