
Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर में लगातार हुए आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कुलगाम में CRPF के तीन जवानों पर हुए हमले के बाद पूरे केंद्र शासित प्रदेश में अलर्ट बढ़ा दिया गया है। CRPF के स्पेशल DG संदीप खिरवार ने कहा है कि हमले में शामिल आतंकियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। उन्होंने साफ किया कि हमले के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
11 नवंबर को कुलगाम जिले के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के एक चेकपॉइंट को निशाना बनाकर अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी थी। इस अचानक हुए हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। हालांकि, हमारे जांबाज जवानों ने भी स्थिति को संभालते हुए मोर्चा लिया, लेकिन आतंकवादी वहां से भाग निकलने में कामयाब रहे।
इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
कुलगाम हमले के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि आतंकवादियों ने किश्तवाड़ जिले में एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। वहां आतंकवादियों ने दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPOs) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये दोनों SPOs एक एंटी-टेरर ऑपरेशन के दौरान सेना के साथ जुड़ने के लिए जा रहे थे। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन लगातार हमलों के बाद जब मीडिया ने सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार से सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। उन्होंने बताया, 'हमें इस हमले में शामिल लोगों के बारे में काफी अच्छे और अहम सुराग मिले हैं। हम उन्हीं सुरागों के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं और अपने ऑपरेशंस लगातार जारी रखे हुए हैं। हमने अपनी पूरी फोर्स और सभी जवानों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे ऑपरेशन के दौरान पूरे अनुशासन में रहें, स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का सख्ती से पालन करें और हर पल पूरी तरह सतर्क रहें। जिन लोगों ने यह किया है, उन्हें कानून के कटघरे में लाकर रहेंगे।'