
IMD Cyclone Warning: आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में एक के बाद एक दो चक्रवात अर्नब और मुरासु ने जनजीवन को प्रभावित किया। वहीं अब बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान 'अकवान'के दस्तक देने की चेतावनी जारी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, यह सिस्टम 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंचने की आशंका है। इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है, ऐसे में तटीय राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है।
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब (Deep Depression) 16 नवंबर की शाम तक दक्षिणी एवं उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती भागों के ऊपर चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) में तीव्र होने की बहुत अधिक संभावना है। इसके बाद, 17 नवंबर की शाम तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) में तीव्र होने की संभावना है। इसके पश्चात, इसके और अधिक तीव्र होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा 19 नवंबर की रात के आसपास अत्यंत प्रचंड चक्रवाती तूफान (Very Severe Cyclonic Storm) के रूप में आंध्र प्रदेश तट के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है।
उपर्युक्त मौसम में हो रहे बदलाव के असर से 19–20 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश एवं यानम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा, 18–19 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल में तथा 20 नवंबर को तेलंगाना में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा तट के लिए 'येलो मैसेज' (अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी) जारी करते हुए, IMD ने सोमवार सुबह बताया कि कल रात बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना डिप्रेशन अब 'डीप डिप्रेशन' में बदल गया है।
पिछले 6 घंटों के दौरान यह 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। आज सुबह 05:30 बजे यह उसी क्षेत्र में स्थित था। इस समय यह त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 630 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में, श्री विजय पुरम (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) से 680 किमी पश्चिम में, चेन्नई (तमिलनाडु) से 720 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 820 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में और गोपालपुर (ओडिशा) से 940 किमी दक्षिण में मौजूद था।