16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जापानी सीखने चले थे, दिल दे बैठे! एप पर हुई दोस्ती, अब वियतनाम की टीचर बनीं भारतीय पायलट की दुल्हन

होसुर के पायलट कार्तिकेयन और वियतनाम की शिक्षिका त्रिउ थी न्गान की शादी तिरुवन्नामलाई के मंदिर में हिंदू रीति से हुई। जापानी भाषा सीखने के दौरान हेलोटॉक ऐप पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और दोनों परिवारों की सहमति से विवाह संपन्न हुआ।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 16 Nov 2026, 1:52 PM IST

Hosur pilot wedding

Visual of the couple (Photo/ANI)

होसुर (तमिलनाडु)। सरहदें भी प्यार के आड़े नहीं आतीं, इसका उदाहरण तमिलनाडु के होसुर में देखने को मिला। यहां के एक पायलट और वियतनाम की शिक्षिका ने दोनों परिवारों की सहमति और आशीर्वाद से तिरुवन्नामलाई में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। निजी एयरलाइन में पायलट कार्तिकेयन (33) ने वियतनाम के एक निजी स्कूल में पढ़ाने वालीं त्रिउ थी न्गान (23) के साथ 13 नवंबर को तिरुवन्नामलाई के अरुलमिगु श्री अरुणगिरिनाथर मंदिर में सात फेरे लिए।

ऐप पर शुरू हुई कहानी

कार्तिकेयन और त्रिउ की प्रेम कहानी की शुरुआत 'हेलोटॉक' एप से हुई। दोनों इस ऐप के जरिए जापानी भाषा सीख रहे थे। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे को समझने लगे। रोज बातचीत और वीडियो कॉल के जरिए उनकी दोस्ती गहरी होती गई और देखते ही देखते प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने मिलने का फैसला किया। इसी साल जून में त्रिउ वियतनाम से भारत आईं और कार्तिकेयन से मुलाकात की। पहली मुलाकात के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।

पहले परिवार ने जताई झिझक, फिर दी शादी की मंजूरी

कार्तिकेयन ने एएनआई को बताया कि वियतनामी युवती से शादी की बात पर माता-पिता शुरू में हिचकिचाए, लेकिन बाद में यह कहते हुए राजी हो गए कि यह उनकी जिंदगी है और फैसला भी उनका ही होगा। दोनों परिवारों की सहमति मिलने पर कार्तिकेयन के रिश्तेदारों और परिजनों की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने नवदंपती को बधाई और आशीर्वाद दिया। हालांकि दुल्हन के परिजन शादी में शामिल नहीं हो सके। कार्तिकेयन के अनुसार उनकी पत्नी का परिवार खेती-किसानी से जुड़ा है और परिजनों के पास पासपोर्ट नहीं होने के कारण वे भारत नहीं आ पाए।

भारत में पढ़ाई और काम की चाह

कार्तिकेयन ने बताया कि त्रिउ थी न्गान वियतनाम के एक निजी प्राथमिक स्कूल में शिक्षिका हैं और उन्हें हर महीने 1.25 लाख रुपए वेतन मिलता है। शादी के बाद वे भारत में उच्च शिक्षा हासिल करना चाहती हैं।

वियतनामी भाषा में अपनी बात रखते हुए त्रिउ थी न्गान ने कहा कि दोनों एक-दूसरे को सिर्फ एक साल से जानते थे और इसके बाद शादी का फैसला लिया। भारत के प्रति अपना लगाव जताते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में मैं भारत में काम करना और यहीं आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहती हूं।

यह देश कई महान आध्यात्मिक गुरुओं की भूमि है, इसलिए मैं उनसे मिलकर आध्यात्मिक शिक्षाओं को भी जानना चाहती हूं। भारत मेरे लिए ऐसा देश बन गया है जिसकी मैं प्रशंसा करती हूं, और यहीं मुझे कार्तिक से मिलने का शानदार मौका भी मिला।