राष्ट्रीय

चक्रवात ‘अकवान’ होगा और ताकतवर! 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका, 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Cyclone Akvan Update: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश-यानम तट से टकराने की आशंका है। आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 5:00 AM IST
Bay of Bengal Cyclone
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार हो रहा ताकतवर (Photo-ANI)

Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर होता जा रहा है। आंध्र प्रदेश मौसम विभाग ने बताया कि यह तूफान 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। वहीं मौसम विभाग ने 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से टकराने की आशंका जताई है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 3 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी गति से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। फिलहाल यह दक्षिण-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। तूफान का केंद्र 12.3 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.6 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास दर्ज किया गया है।

IMD के अनुसार, यह चेन्नई से करीब 590 किलोमीटर पूर्व, श्रीलंका के त्रिंकोमाली से 630 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, मछलीपट्टनम से 650 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 650 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से करीब 780 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।

19 नवंबर तक अति गंभीर तूफान में बदलने का अनुमान

तूफान के बारे में जानकारी देते हुए मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात के अगले कुछ समय तक उत्तर-पश्चिम दिशा में धीरे-धीरे आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19 नवंबर की सुबह तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर के आसपास यह नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तट को पार कर सकता है। इस दौरान 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंके आने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट

चक्रवात के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।

तीन दिन भारी बारिश का अनुमान

चक्रवात ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए ओडिशा के रायगढ़ा जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुलकर्णी ने बताया कि 18, 19 और 20 नवंबर को जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके मद्देनजर प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है।

कुलकर्णी के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान में चक्रवात के 19 या 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। रायगढ़ा जिला आंध्र प्रदेश की सीमा से सटा होने के कारण यहां भी तूफान का असर देखने को मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि जिले के लिए तीन दिनों तक येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। संभावित भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां कर ली हैं।

Published on: