
Cyclone Akwan: बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान अकवान आज आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच टकराएगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा रह सकती है। तूफान से पहले ओडिशा में कुल तीन लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल, आंगनवाड़ी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। 74 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई है। तूफान के असर से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि तूफान का असर देश के दस राज्यों पर पड़ेगा।
IMD के अनुसार चक्रवात 'अकवान' शुक्रवार को कमज़ोर होकर चक्रवाती तूफ़ान बन गया है। शुक्रवार तड़के 2:30 बजे यह बंगाल की खाड़ी में था और उत्तर-उत्तरपश्चिम की तरफ बढ़ रहा था। यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 110 किमी दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 170 किमी पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 170 किमी दक्षिण, पुरी से 250 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और आंध्र प्रदेश के नरसापुर से 370 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व में था। IMD ने बताया कि प्रणाली के उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते रहने और शुक्रवार पूर्वाह्न तक गोपालपुर के पास उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने देर रात चक्रवात अकवान को लेकर विशेष राहत आयुक्त (SRC) कार्यालय में स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि शून्य जनहानि के लक्ष्य को हासिल करने के हरसंभव प्रयास किए।
उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। विशाखापत्तनम और आसपास के ज़िलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके मद्देजनर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी प्रशासनिक अधिकारियों संग बैठक की और हालात का जायजा लिया।
चक्रवात को देखते हुए रेलवे ने एहतियातन कदम उठाए हैं। ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 41 ट्रेनें रद्द कीं और 29 का समय बदला। साउथ ईस्टर्न रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कीं, जिनमें ज़्यादातर पुरी आने-जाने वाली हैं।
गोपालपुर, पुरी, सातपाड़ा और चिल्का में पर्यटकों के जाने पर रोक है।
लाल, नारंगी और पीले अलर्ट वाले ज़िलों में स्कूल बंद हैं।
पुरी का गुंडिचा मंदिर 19 से 21 नवंबर तक बंद रहेगा, लेकिन जगन्नाथ मंदिर खुला रहेगा।
नंदनकानन चिड़ियाघर और बॉटनिकल गार्डन 19 और 20 नवंबर को बंद हैं।
भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान 21 नवंबर तक बंद रहेगा।
सिमलीपाल राष्ट्रीय उद्यान 20 और 21 नवंबर को बंद रहेगा।