
बंगाल की खाड़ी में लगातार तीन चक्रवाती तूफानों का विकसित होना और तीनों का आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ना मौसम वैज्ञानिकों के लिए चिंता और अध्ययन का विषय बन गया है। अक्टूबर में चक्रवात अर्नब और नवंबर की शुरुआत में मुरासु के बाद अब तीसरा चक्रवात अकवान आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय मोहापात्र के अनुसार, इस असामान्य मौसमी घटनाक्रम के पीछे अल-नीनो और हिंद महासागर डाइपोल (आइओडी) की भूमिका हो सकती है। वर्ष 1987 में भी अल-नीनो की परिस्थितियों के दौरान ऐसा ही पैटर्न देखने को मिला था।
मोहापात्र के अनुसार, अल-नीनो की स्थिति में बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से और कम अक्षांश वाले क्षेत्रों में चक्रवाती सिस्टम विकसित होने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं। ऐसे सिस्टम अक्सर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटों की ओर बढ़ते हैं। अल-नीनो के दौरान प्रशांत महासागर के तापमान में बदलाव वैश्विक वायुमंडलीय परिसंचरण को प्रभावित करता है। हिंद महासागर डाइपोल भी इस मौसमी गतिविधि को प्रभावित कर रहा है। हालांकि, चक्रवातों की दिशा केवल अल-नीनो से तय नहीं होती, बल्कि समुद्र की परिस्थितियां और वायुमंडलीय प्रणालियां भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अकवान 19 नवंबर तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 19 और 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। समुद्र का जलस्तर सामान्य से 1 से 2 मीटर ऊपर उठने की आशंका है। इससे निचले तटीय क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव का खतरा है। दक्षिणी ओडिशा और तेलंगाना में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।