
Cyclone Arnab: राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के DIG (ऑपरेशंस) SS सूदन ने चक्रवात 'अर्नब' के कारण आंध्र प्रदेश राज्य के यनम के दक्षिणी तटीय इलाके में लैंडफॉल होने की जानकारी दी। इसके साथ ही स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर (SEOC) ने अब तक तीन लोगों की मौत की जानकारी दी है।
इस चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में तीन लोगों की मौत के अलावा 31 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इस आपदा में केंद्र सरकार के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा की आपदा राहत एवं बचाव टीमें लगातार बाचव कार्य कर रही हैं। इन दोनों राज्यों के अलावा आसपास के इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
SS सूदन ने जानकारी दी है कि कुल 39 NDRF की टीमों को तैनात किया गया है। इनमें से मंगलवार को चार टीमों को एयरलिफ्ट किया गया था। आंध्र प्रदेश में NDRF की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम लगातार जारी है। अब तक निचले इलाकों और तटीय क्षेत्रों से 55,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
NDRF के DIG ने यद जानकारी भी दी है कि अब चक्रवात कमजोर हो रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर लैंडफॉल के बाद, यह सिस्टम 'बहुत गंभीर चक्रवात' (very severe cyclone) से कमजोर होकर 'गंभीर चक्रवात' (severe cyclone) में बदल गया है। अगले छह घंटों में इसके और कमजोर होने की संभावना है। इसके बाद अगले छह घंटों में यह 'डीप डिप्रेशन' (deep depression) में बदल जाएगा।
चक्रवात अर्नब के कारण पहले आंध्रप्रदेश की 53 ट्रेनों को रद्द किया गया थाा। इसके बाद अब ओडिशा में भी 5 नवंबर तक 22 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले भारतीय रेलवे की वेबसाइट पर अपडेट देखने की सलाह दी है। ओडिशा में विशाखापत्तनम-किरंदुल और राउरकेला-जगदलपुर समेत कई ट्रेनों पर इसका असर पड़ा है। चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा,तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखण्ड, बिहार और उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की आंशका जताई गई है।