
Cyclone Murasu: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के बाद अब मुरासु तटीय राज्यों पर खतरा बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात में गंभीर चक्रवात मुरासु तेजी से आगे बढ़ते हुए मंगलवार सुबह 4 के बीच आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट पर पहुंच गया। तूफान के प्रभाव से आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पुदुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश और 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही है। कई जगहों पर तटों व सड़कों के टूटने व पेड़ों के गिरने का नुकसान हुआ है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद जलभराव से परेशानी बढ़ी है।
तूफान के चलते परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सोमवार को विजयवाड़ा हवाईअड्डे से 10 और चेन्नई से 11 उड़ानें निरस्त की गई। तटीय मार्गों पर चलने वाली कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। चेन्नई में रविवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। शहर में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। पिछले 24 घंटे में माधवरम में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। एन्नोर पोर्ट और नुंगमबक्कम में 10-10 सेंटीमीटर बारिश हुई। शहर के 22 सबवे में से दो में पानी भर गया।
संभावित नुकसान को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। आंध्र प्रदेश के नेल्लोर, प्रकाशम और मार्कापुरम में एनडीआरएफ की तीन टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 90 जवान शामिल हैं। बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ और अग्निशमन सेवा के 300 से अधिक बचाव दल तैनात हैं। नेल्लोर के मयपाडु बीच और तमिलनाडु के पझावेर्काडु में समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं।
चक्रवात अर्नब आने के बाद से उत्तर भारत का मौसम बदला हुआ है। मुरासु चक्रवात के प्रभाव से मंगलवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में भी बारिश की संभावना है। सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कोहरा छाया रहा और वाराणसी की दो उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। राजधानी दिल्ली, वाराणासी समेत अन्य राज्यों के कुछ जगहों पर बारिश हुई। उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी से तापमान शून्य से सात डिग्री नीचे पहुंच गया। पिथौरागढ़ में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।