
Cyclone Murasu: एक सप्ताह के भीतर देश में एक और चक्रवात का खतरा मंडरा गया है। बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवात अर्नब के बाद अब नया चक्रवात मुरासु आ रहा है। रविवार सुबह बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार मुरासु नाम का यह चक्रवात पश्चिम तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 2 नवंबर की सुबह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में और तीव्र होकर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 3 नवंबर की तड़के 4 बजे के करीब नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवाती तूफान है। इससे पहले 26 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ उठा था। जो 28 अक्टूबर को आंध्र के तट से टकराया। इसके कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा सहित देश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हुई। कई जगहों पर बड़ा नुकसान भी हुआ। ओडिशा के गंजाम और गजपति जिले में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ जैसे हालात हैं। राज्य अभी चक्रवात ‘अर्नब’ से हुए नुकसान से उबर ही रहा है। इस बीच नए तूफान के प्रभाव फिर भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है। खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है।
2 नवंबर : आंध्र प्रदेश में आंधी-बारिश तूफान का रेड अलर्ट तथा तमिलनाडु, तेलंगाना व कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं केरलम, पुदुचेरी, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में यलो अलर्ट है।
3 नवंबर : आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में रेड अलर्ट तथा छत्तीसगढ़ व ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य तटीय राज्यों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
अर्नब चक्रवात के असर के बाद उत्तर-पश्चिम भारत समेत कई राज्यों का मौसम बदल चुका है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में बादल छाए हुए हैं। नवंबर मास शुरू होते ही सुबह के समय घना कोहरे दिखाई देने लगा है। कोहरे के कारण सर्दी का असर भी शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले सालों की अपेक्षाकृत इस बार सर्दियां कम ठंडी रहेगी। नवंबर में दिन सामान्य से अधिक गर्म रहेंगे। अल नीनो के प्रभाव के कारण उत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत में रातें भी अपेक्षाकृत गर्म रह सकती हैं, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में रातें सामान्य या थोड़ी ठंडी हो सकती हैं।