
Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर चिंताजनकर बना हुआ है। मंगलवार को दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 9 बजे राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 238 रहा। वहीं, शहर के निगरानी केंद्रों में पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित इलाका रहा, यहां पर AQI 271 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के चांदनी चौक में AQI 263, बवाना में 255 और विवेक विहार में 245 दर्ज किया गया। इसके अलावा वजीरपुर में 235, सोनिया विहार में 234 और रोहिणी में 232 AQI रहा। इन सभी इलाकों में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई।
वहीं उत्तर नगर में 223, नरेला में 221, अलीपुर में 219 और अशोक विहार में 206 AQI दर्ज किया गया। हालांकि, कुछ जगहों पर हवा की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही।
आनंद विहार में AQI 199, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 197, आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 183 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 दर्ज किया गया। इन स्थानों पर वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में रही।
| क्रम संख्या | इलाका | AQI | वायु गुणवत्ता श्रेणी |
|---|---|---|---|
| 1 | चांदनी चौक | 263 | खराब |
| 2 | बवाना | 255 | खराब |
| 3 | विवेक विहार | 245 | खराब |
| 4 | वजीरपुर | 235 | खराब |
| 5 | सोनिया विहार | 234 | खराब |
| 6 | रोहिणी | 232 | खराब |
| 7 | उत्तम नगर | 223 | खराब |
| 8 | नरेला | 221 | खराब |
| 9 | अलीपुर | 219 | खराब |
| 10 | अशोक विहार | 206 | खराब |
| 11 | आनंद विहार | 199 | मध्यम |
| 12 | मेजर ध्यानचंद स्टेडियम | 197 | मध्यम |
| 13 | IGI एयरपोर्ट (टर्मिनल-3) | 183 | मध्यम |
| 14 | वसुंधरा एन्क्लेव | 181 | मध्यम |
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार वायु की स्थिति खराब होती जा रही है, इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त रुख अपना रहा है। सोमवार को सुनवाई के दौरान SC ने संकेत दिया कि प्रदूषण नियंत्रण के उपायों के तहत दिल्ली-NCR में केवल भारत स्टेज-VI (BS-VI) उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों को ही अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट में सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने सुनवाई की, जिसमें जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना शामिल हुए। पीठ ने कहा कि हम स्पष्ट हैं कि दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को अनुमति देंगे, अगर पूरे NCR में नहीं तो कम से कम दिल्ली में।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव भी दिया। अदालत ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं, जहां मालवाहक वाहन अपना सामान उतार सकें। इसके बाद सामान को छोटे बैटरी चालित या अन्य गैर-प्रदूषणकारी वाहनों के जरिए शहर के भीतर पहुंचाया जा सकता है। इससे प्रदूषण फैलाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही कम करने में मदद मिल सकती है।
CPCB के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बेहद खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।