राष्ट्रीय

Chhath Puja 2021: प्रतिबंध के बावजूद दिल्ली में यमुना के घाटों पर हुई छठ पूजा, मनोज तिवारी भी हुए शामिल

दिल्ली में यमुना के घाटों पर प्रतिबंध के बावजूद छठ पूजा की गई। इस दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी और परवेश वर्मा सहित कई बीजेपी नेता भी शामिल हुए।

2 min read
Nov 10, 2021
delhi despite ban devotees perform chhath puja at ghats of yamuna
delhi despite ban devotees perform chhath puja at ghats of yamuna

नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना के घाटों पर प्रतिबंध के बावजूद छठ पूजा की गई। जानकारी के मुताबिक डीडीएमए की रोक के बावजूद श्रद्धालुओं ने आईटीओ और सोनिया विहार के पास यमुना नदी के किनारे बने घाटों पर छठ पूजा की। खास बात यह है कि इस दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी और परवेश वर्मा सहित कई बीजेपी नेता भी शामिल हुए। बताया गया कि भाजपा नेताओं के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। इस दौरान प्रशासन ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं रूके।

दिल्ली आपदा प्रबंधन ने लगाई थी रोक
दरअसल, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 30 सितंबर को छठ पूजा को लेकर एक आदेश जारी किया था। जिसमें यमुना किनारे सहित सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा समारोह के आयोजनों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, भाजपा द्वारा प्रतिबंध के विरोध के बाद डीडीएमए ने 29 अक्टूबर को अपने आदेश में यमुना के किनारे को छोड़कर निर्धारित स्थलों पर छठ मनाने की अनुमति दे दी थी।

जानकारी के मुताबिक इस बार दिल्ली में 800 घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया था। वहीं यमुना के पानी में प्रदूषण के चलते नदी के घाटों पर पूजा की अनुमति नहीं दी गई थी। इस संबंध में जानकारी देते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मीडिया को बताया कि इस दौरान लोगों को कोरोना नियमों का भी सख्ती से पालन करना होगा क्योंकि जरा सी लापरवाही पूरे राज्य बल्कि पूरे देश पर भारी पड़ सकती है। वहीं पूजा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

वहीं प्रतिबंध के बावजूद दिल्ली में यमुना के घाटों पर छठ पूजा की गई। पश्चिमी दिल्ली से सांसद परवेश वर्मा आईटीओ के नजदीक यमुना घाट पर कृत्रिम तालाब में आयोजित छठ पूजा में शामिल हुए। उन्होंने यमुना घाट पर बड़ी संख्या में छठ पूजा कर रहे लोगों की तस्वीर के साथ ट्वीट कर लोगों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। फिलहाल डीडीएमए के आदेश की अवहेलना पर जिला अधिकारियों ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Published on:
10 Nov 2021 11:54 pm