राष्ट्रीय

Delhi Elections: अपनी सीट छोड़ क्या जंगपुरा से जीत दर्ज कर पाएंगे मनीष सिसोदिया, सामने हैं ये बड़ी चुनौतियां

Delhi Elections: दिल्ली में जंगपुरा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर मनीष सिसोदिया चुनावी मैदान में हैं।

2 min read

Delhi Elections: दिल्ली में जंगपुरा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर मनीष सिसोदिया चुनावी मैदान में हैं। मनीष सिसोदिया आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। उनका राजनीतिक सफर संघर्षों से भरा रहा है। इससे पहले सिसोदिया पटपड़गंज सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे थे और उनको लगातार सफलता मिलती रही है। इस बार विधानसभा चुनाव में उनकी सीट बदल दी गई है। आइये जानते हैं जंगपुरा सीट पर मनीष सिसोदिया को कौन कौनसी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।

तरविंदर सिंह मारवाह बिगाड़ेंगे मनीष सिसोदिया का खेल

भाजपा ने जंगपुरा विधानसभा सीट से सरदार तरविंदर सिंह मारवाह को टिकट दिया है। मारवाह दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को चुनौती देंगे। तरविंदर सिंह जंगपुरा के दिग्गज नेता हैं, वे इस सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, तरविंदर सिंह की संपत्ति 42 करोड़ रुपये हैं और 9 करोड़ 73 लाख देनदारी बताई गई है। वहीं कांग्रेस ने जंगपुरा सीट पर फरहाद सूरी को मैदान में उतारा है।

पहले पटपड़गंज सीट से लड़े रहे थे चुनाव

मनीष सिसोदिया का राजनीतिक सफर साल 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से शुरू हुआ था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के साथ काम किया। आंदोलन के बाद केजरीवाल और सिसोदिया ने मिलकर आम आदमी पार्टी का गठन किया। इसके बाद 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज से आप के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। साल 2015 और 2020 के चुनावों में भी लगातार इस सीट पर सफलता प्राप्त की। हालांकि, इस बार वह पटपड़गंज के बजाय जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं।

दिल्ली शराब नीति घोटाले में जुड़ा नाम

मनीष सिसोदिया का नाम कथित दिल्ली शराब नीति घोटाले में सामने आया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने शराब नीति में बदलाव कर कुछ शराब ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया। ईडी ने उनको मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, सिसोदिया ने इन आरोपों को झूठा और राजनीतिक साजिश करार दिया है।

इस बार जंगपुरा सीट से आजमा रहे हैं किस्मत

मनीष सिसोदिया इस बार जंगपुरा विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके समर्थकों का मानना है कि उनका अनुभव और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए योगदान की वजह से सफलता मिलेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि राजनीति में उनका अनुभव और उन पर लगे आरोप के बाद जनता उन्हें कितना समर्थन देती है।

जंगपुरा विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे

साल 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में जंगपुरा सीट पर आप के प्रवीण कुमार ने जीत दर्ज की थी। प्रवीण कुमार को 45,086 वोट मिले थे। वहीं बीजेपी प्रत्याशी इम्प्रीत सिंह बख्शी 28,995 वोटों के साथ दूसरे नंबर रहे थे। कांग्रेस के उम्मीवार तरविंदर सिंह मारवाह को 13,548 वोट मिले थे। जंगपुरा दिल्ली विधानसभा का निर्वाचन क्षेत्र कोड 41 है। जंगपुरा में कुल 88,561 मतदाता हैं। इनमें 48,227 पुरुष मतदाता और 40,330 महिला मतदाता है। जबकि थर्ड जेंडर के मतदाता 4 हैं।

Also Read
View All

अगली खबर