
Film Kala Hiran: दिल्ली हाई कोर्ट ने एक्टर सलमान खान की उस याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी है, जिसमें फिल्म 'काला हिरण: द बैटल फॉर लिगेसी' की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई थी। कोर्ट का समय खत्म होने के कारण सुनवाई स्थगित कर दी गई। सलमान खान का आरोप है कि फिल्म के पोस्टर में उनकी इजाजत के बिना उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल किया गया, जिससे उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन हुआ है। इस मामले में अगली सुनवाई कल (10 जुलाई) होगी।
इससे पहले हुई सुनवाई में दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म के निर्माता अमित जानी और अन्य पक्षों को सलमान खान की याचिका पर नोटिस जारी किया था। अभिनेता ने अपनी याचिका में अंतरिम राहत की मांग करते हुए कहा है कि यह फिल्म उनकी अनुमति के बिना उनके पर्सनैलिटी राइट्स का इस्तेमाल करती है और उनके जीवन से जुड़े घटनाक्रमों को गलत तरीके से पेश करती है।
याचिका में सलमान खान की और से दलील दी गई है कि फिल्म उनकी 1998 के काला हिरण शिकार मामले और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ कथित विवाद से प्रेरित बताई जा रही है। ऐसे में फिल्म निर्माताओं ने उनकी छवि और निजी अधिकारों का बिना अनुमति उपयोग किया है। अभिनेता ने अदालत से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने और उससे जुड़े सभी प्रचार-प्रसार, पोस्टर व अन्य सामग्री हटाने का आदेश देने की मांग की है।
सलमान खान की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता निजाम पाशा ने पिछली सुनवाई में अदालत को बताया था कि फिल्म का पोस्टर और ट्रेलर पहले ही जारी किया जा चुका है, जबकि रिलीज डेट की अभी घोषणा नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि फिल्म स्पष्ट रूप से अभिनेता के जीवन पर आधारित है, इसलिए इसके प्रदर्शन पर रोक लगाई जानी चाहिए।
वहीं, फिल्म निर्माताओं की ओर से अदालत में कहा गया कि उन्हें मामले से जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए थे, इसलिए तत्काल अंतरिम राहत देने की जरुरत नहीं है। इसी वजह से पिछली सुनवाई में भी अदालत ने बिना कोई अंतरिम आदेश दिए मामले को आगे बढ़ाया था और सलमान खान की ओर से दायर याचिका की पूरी प्रति प्रतिवादियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।
उधर, फिल्म निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि उनकी फिल्म 'काला हिरण-द बैटल फॉर लेगेसी' को लेकर उन्हें एक बार फिर धमकी दी गई है। उन्हें धमकी भरा कॉल आया था। जिसके बाद उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस में की है। उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने उन्हें फिल्म का काम बंद करने की चेतावनी दी है।