15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पटना में छठ घाट की सफाई के दौरान बड़ा हादसा, पुनपुन नदी में डूबे चार किशोर, तीन लापता

पटना के दीदारगंज स्थित मिर्जापुर घाट पर छठ की सफाई के दौरान पुनपुन नदी में चार किशोर डूबे। एक को बचाया गया, तीन लापता। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, जानें पूरी खबर।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pushpankar Piyush

•

Updated: 15 Nov 2026, 9:27 PM IST

IANS)

डूबने से मौत ( प्रतिकात्मक फोटो-IANS)

बिहार में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर जहां विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की, वहीं राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां छठ घाट की साफ-सफाई के दौरान चार किशोर पुनपुन नदी में डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन किशोर अब भी लापता हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिर्जापुर घाट पर हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व को लेकर मिर्जापुर घाट पर साफ-सफाई और अन्य तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान चार किशोर नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों और स्थानीय गोताखोरों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद एक किशोर को नदी से बाहर निकाल लिया गया। उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तीनों किशोरों का नहीं मिला अब तक सुराग

वहीं, लापता तीन अन्य किशोरों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। उनकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। नदी में लापता किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे के बाद मिर्जापुर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप- देर से पहुंची NDRF और SDRF की टीमें

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। इसको लेकर ग्रामीणों में प्रशासनिक व्यवस्था और छठ घाटों पर सुरक्षा इंतजामों के प्रति नाराजगी है। हादसे की खबर मिलते ही लापता किशोरों के परिजन घाट पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण लगातार किशोरों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी के गहरे पानी में जाने से बचने और छठ घाटों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।