राष्ट्रीय

ईद की रात दिल्ली में खूनी वारदात, सिगरेट मांगने पर 26 साल के युवक की हत्या, 3 नाबालिग हिरासत में

Delhi Murder Case: दिल्ली के जहांगीरपुरी में ईद की रात सिगरेट को लेकर हुए विवाद में 26 साल के अरबाज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में तीन नाबालिग हिरासत में लिए गए हैं।

2 min read
दिल्ली के जहांगीरपुरी में 26 वर्षीय युवक की हत्या (रेप्रेसन्टेशनल फोटो)

Delhi Jahangirpuri Eid Murder Case: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में ईद की खुशियों के बीच एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मामूली कहासुनी के बाद 26 साल के युवक अरबाज की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसके चलते पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना बीती रात करीब 11 बजे जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक इलाके की है। मृतक की पहचान 26 साल के अरबाज के रूप में हुई है, जो सुनार की दुकान पर काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिगरेट मंगाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने धीरे-धीरे बड़ा रूप ले लिया और मामला हिंसा तक पहुंच गया।

फिर अचानक हुआ चाकू से हमला

चश्मदीद सलमान ने बताया कि घटना के समय अरबाज को 7–8 लड़कों ने घेर रखा था। वह बीच-बचाव की कोशिश कर रहा था, तभी भीड़ में से एक युवक अचानक आगे आया और चुपचाप अरबाज पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि अरबाज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

परिजन गंभीर हालत में अरबाज को तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया और ईद की खुशियां गहरे दुख में बदल गईं।

तीन नाबालिग हिरासत में

उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। जांच के दौरान एक नाबालिग की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद जहांगीरपुरी इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की जांच जारी है।

जहांगीरपुरी सी ब्लॉक का रहने वाला था मृतक

जहांगीरपुरी सी ब्लॉक का रहने वाला मृतक अरबाज था। वह इलाके में ही एक सुनार की दुकान पर काम करता था। उसकी मौत के बाद घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read
View All