दिल्ली के कश्मीरी गेट में वकील दीपक खत्री पर हुए हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है जिसमें राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में बीती रात हुए सनसनीखेज हमले के मामले में नया मोड़ आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल होने के बाद दावा किया गया है कि इस हमले की जिम्मेदारी राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर ने ली है। पोस्ट में कहा गया कि घायल वकील दीपक खत्री, जो लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जाते हैं, उनके लिए मुखबिरी कर रहे थे। इसलिए उन पर हमला किया गया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल होते ही पुलिस पोस्ट की जांच में जुटी है। हमले में इस्तेमाल हथियार, हमलावरों की पहचान और साजिश की पूरी कहानी सामने लाने के लिए जांच तेज़ कर दी गई है। पोस्ट के आईपी एड्रेस और अकाउंट्स की पड़ताल भी की जा रही है।
राहुल फतेहपुर और नवीन बॉक्सर के फेसबुक हैंडल से किए गए पोस्ट में लिखा गया राम-राम भाइयों। आज दीपक खत्री (वकील) पर जो हमला हुआ, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह लॉरेंस के लिए मुखबिरी करता था और फिरौती की सेटिंग करता था। अब भी समय है, सुधर जाए। नहीं तो अंजाम बुरा होगा। पोस्ट में धमकी के साथ यह चेतावनी भी दी गई कि अगर खत्री ने अपना रवैया नहीं बदला तो उसके पूरे परिवार को भुगतना पड़ सकता है।
आपको बता दें की 24 फरवरी मंगलवार की रात करीब 10:10 बजे कश्मीरी गेट के पास आईएसबीटी के पास अज्ञात हमलावरों ने एक कार पर गोलीबारी की। कार में कुल पांच लोग सवार थे। गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।