
West Bengal Election 2026 (Image: AI)
West Bengal Election 2026, Suvendu Adhikari News: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी से जब इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने खुद ही इस पर बड़ा बयान देते हुए अटकलों को विराम देने की कोशिश की।
NDTV को दिए एक इंटरव्यू में शुभेंदु अधिकारी ने साफ कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनने में कोई दिलचस्पी नहीं है और इस फैसले को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया है।
एनडीटीवी के कार्यक्रम में बातचीत के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैं इन सवालों में दिलचस्पी नहीं रखता… मोदी जी और केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा। वे किसी भी बंगाली को मुख्यमंत्री बना सकते हैं, इसमें कोई समस्या नहीं है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान पार्टी के चुनाव प्रबंधन पर है।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि वह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार संपर्क में हैं। कहा,“मैं पार्टी के चुनाव प्रबंधन में लगा हूं और अपने नेता अमित शाह जी के संपर्क में हूं। वे मुझे समय-समय पर जिम्मेदारियां दे रहे हैं।” इससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी संगठन में उनकी भूमिका अहम बनी हुई है।
शुभेंदु अधिकारी कभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी रहे थे। लेकिन 2021 विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। नंदीग्राम सीट से उन्होंने खुद ममता बनर्जी को कड़े मुकाबले में हराया था, जिससे उनकी राजनीतिक पहचान और मजबूत हुई।
इस बार शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर सीट से भी नामांकन दाखिल किया है जो ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है। इस कदम से उनकी राजनीतिक रणनीति और महत्वाकांक्षा को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
हालांकि शुभेंदु अधिकारी ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से अलग बताया है लेकिन पार्टी के भीतर और बाहर कई लोग उन्हें बंगाल में भाजपा का प्रमुख चेहरा मानते हैं। फिलहाल भाजपा ने आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। ऐसे में यह फैसला पूरी तरह पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करेगा।
Published on:
16 Apr 2026 10:40 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
