
Delhi Minister Slap Controversy: दिल्ली में रविवार को सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सोमवार को दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना को लेकर अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। वहीं एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने पश्चिमी दिल्ली में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व AAP नेता सौरभ भारद्वाज, जरनैल सिंह और कुलदीप कुमार ने किया। पुलिस ने इन नेताओं को हिरासत में ले लिया।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि उन्हें जाफरपुर कलां थाने में राजा सिंह और उनके बेटे साहेब सिंह के साथ रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने के बजाय पुलिस उन्हें संरक्षण दे रही है।
विवाद को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार के चरम पर पहुंचने पर लोगों का उत्पीड़न और अपमान एक आदत बन जाता है।
खरगे ने X पर पोस्ट करते हुए दिल्ली के मंत्रियों द्वारा युवाओं को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठीचार्ज और किसानों से जुड़े एक पुराने विवाद का भी उल्लेख किया।
रविवार को विकासपुरी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। इसी दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। सामने आए वीडियो क्लिप में आप विधायक जरनैल सिंह सड़क की नई परत को हाथ से उखाड़कर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते दिखाई देते हैं।
एक अन्य वीडियो में मंत्री प्रवेश वर्मा एक व्यक्ति के हाथ को नीचे करते दिखाई देते हैं, जो घटना की रिकॉर्डिंग कर रहा था। इसके बाद मंत्री वर्मा ने व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला बढ़ने पर मंत्री प्रवेश वर्मा की तरफ से सफाई भी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। वर्मा ने कहा कि इसी वजह से उन्होंने आवेश में प्रतिक्रिया दी।
मंत्री वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि जरनैल सिंह ने PWD कर्मचारियों से कमीशन नहीं मिलने के कारण सड़क को नुकसान पहुंचाया। जरनैल सिंह ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि सरकार सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं को उजागर किए जाने के बाद उनके खिलाफ आरोप लगा रही है।
इस मामले में PWD के इंजीनियरों और ठेकेदार की ओर से पुलिस को दो शिकायतें भी दी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि 24 सितंबर को जरनैल सिंह और उनके साथ आए लोगों ने काम को जबरन रोकने की कोशिश की और कथित तौर पर पैसे की मांग की।
शिकायतों में नई सड़क को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने तथा आपराधिक धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है।