राष्ट्रीय

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-NCR में IMD का रेड अलर्ट जारी, जानिए अगले 5 दिनों का हाल

Delhi-NCR Red Alert: दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक से गर्मी से राहत मिली, जबकि IMD ने 8 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
2 min read
heavy rain alert
दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अलर्ट

Monsoon Heavy Rain: दिल्ली-NCR में मंगलवार को हुई तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी ने कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह से ही राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम ने करवट ली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने खराब मौसम को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली-NCR का मौसम किन इलाकों में होगी बारिश?

IMD के अनुसार, दिल्ली के सभी 15 जिलों में मौसम लगभग समान रहने की संभावना है। इनमें नॉर्थ दिल्ली, साउथ दिल्ली, न्यू दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, नॉर्थ-वेस्ट, नॉर्थ-ईस्ट, साउथ-वेस्ट, साउथ-ईस्ट और शाहदरा शामिल हैं। इसके अलावा एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

अगले 5 दिनों का मौसम अपडेट

8 जुलाई के लिए रेड अलर्ट

8 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। साथ ही 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार रात के समय भी बारिश का एक और दौर आने की संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है।

9 और 10 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना

9 जुलाई को दोपहर के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, इसलिए लोगों को मौसम की जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। 10 जुलाई को सुबह या दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद रात के समय एक बार फिर हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे।

11 और 12 जुलाई को ग्रीन अलर्ट

11 और 12 जुलाई को मौसम विभाग ने ग्रीन अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के साथ बिजली चमकने की भी संभावना बनी रहेगी।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुजरात, राजस्थान और हरियाणा के कुछ और हिस्सों में दस्तक दे दी है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून के शेष क्षेत्रों में भी पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गुजरात, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं केरल और कर्नाटक के कई इलाकों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले दिन तेज बारिश का अनुमान है।

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 8 से 10 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

फ्लैश फ्लड का अलर्ट

IMD ने गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, मुंबई, पालघर, पुणे, सातारा, कोल्हापुर और तटीय कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा जताया है। प्रशासन और राहत एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Updated on:
07 Jul 2026 04:07 pm
Published on:
07 Jul 2026 04:07 pm
Also Read
View All