
Goldy Brar Gang Member Arrested: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड (AGS) ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गोल्डी बराड़-लिपिन नेहरा गैंग के दो मेंबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस और एक टोयोटा हिलक्स वाहन बरामद किया है। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड को खुफिया सूचना मिली थी कि गोल्डी बराड़-लिपिन नेहरा गैंग से जुड़े कुछ बदमाश दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में आरोपियों के पास से दो सिंगल-शॉट पिस्तौल समेत कुल छह अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस और एक टोयोटा हिलक्स बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल पहले किसी अपराध में हुआ था या नहीं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियार किस नेटवर्क के माध्यम से हासिल कर रहे थे और उनकी सप्लाई किन-किन राज्यों तक की जा रही थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों आरोपी हाल के दिनों में हुई किसी आपराधिक घटना या गैंगवार में शामिल रहे हैं या नहीं। बरामद टोयोटा हिलक्स की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस वाहन के स्वामित्व, इस्तेमाल और उससे जुड़े सभी तकनीकी व कानूनी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
गौरतलब है कि गोल्डी बराड़ का नाम देश के कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उस पर विदेश में बैठकर अपने गैंग का संचालन करने, रंगदारी वसूलने, अवैध हथियारों की तस्करी कराने और गैंगवार जैसी आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने के आरोप हैं। वहीं, लिपिन नेहरा गैंग का नेटवर्क हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर तक फैला हुआ माना जाता है। केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियां पहले भी इस गैंग से जुड़े कई सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी हैं और इसके नेटवर्क को कमजोर करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।
दिल्ली पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का कोशिश कर रही हैं।