राष्ट्रीय

Delhi Police STF: पेपर लीक पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, परीक्षा अपराधों की जांच के लिए STF गठित

Special Task Force: पेपर लीक और परीक्षा अपराधों पर सख्ती करते हुए दिल्ली पुलिस ने पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट, 2024 के तहत क्राइम ब्रांच में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बनाई है। यह टीम UPSC, SSC, RRB, IBPS, NTA समेत प्रमुख परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच और एजेंसियों के साथ समन्वय करेगी।
2 min read
Jul 24, 2026
Delhi Police
AI Image-ChatGpt

Delhi Police: देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के बढ़ते मामलों पर सख्ती दिखाते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024' के तहत क्राइम ब्रांच में एक स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन किया गया है। यह विशेष टीम UPSC, SSC, RRB, IBPS, NTA समेत अन्य संस्थाओं द्वारा आयोजित परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल और अन्य परीक्षा अपराधों की जांच करेगी। साथ ही मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए एजेंसियों के साथ समन्वय भी करेगी।

डीसीपी रैंक के अधिकारी करेंगे STF की अगुवाई

शुक्रवार को जारी दिल्ली पुलिस के सर्कुलर के अनुसार, पुलिस आयुक्त की मंजूरी के बाद गठित इस एसटीएफ की कमान क्राइम ब्रांच के उप पुलिस आयुक्त (DCP) रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। यह टीम पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत दर्ज मामलों की जांच करेगी।

किन परीक्षाओं के मामलों की होगी जांच?

नई एसटीएफ उन परीक्षाओं से जुड़े अपराधों की जांच करेगी, जिनका आयोजन देश की प्रमुख केंद्रीय भर्ती एजेंसियां करती हैं। इनमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), कर्मचारी चयन आयोग (SSC), रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सिलेक्शन (IBPS), नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अलावा केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालय, विभाग और उनके अधीन भर्ती करने वाली इकाइयां शामिल हैं।
इसके अलावा केंद्र सरकार समय-समय पर जिन अन्य संस्थाओं को नोटिफाई करेगी, उनकी परीक्षाएं भी एसटीएफ के अधिकार क्षेत्र में आएंगी।

जांच के साथ मुकदमों की भी होगी निगरानी

एसटीएफ केवल जांच तक सीमित नहीं रहेगी। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह इकाई एजेंसियों के साथ समन्वय कर अदालतों में मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करेगी। उद्देश्य यह है कि परीक्षा अपराधों से जुड़े मामलों की रोजाना सुनवाई हो और उनपर जल्द फैसला किया जा सके।

क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त करेंगे निगरानी

एसटीएफ के प्रशासनिक नियंत्रण और समग्र निगरानी की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच के स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस के पास होगी। वे जांच और अभियोजन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे।

संगठित पेपर लीक नेटवर्क पर होगी सख्त कार्रवाई

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, इस विशेष इकाई का उद्देश्य परीक्षा से जुड़े अपराधों की तेज और प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है। साथ ही पेपर लीक, नकल और भर्ती परीक्षाओं में धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को और मजबूत करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।

Updated on:
26 Jul 2026 01:33 am
Published on:
24 Jul 2026 10:00 pm