राष्ट्रीय

होली से पहले बड़ी आतंकी साजिश हुई बेनकाब, हमले की योजना बना रहे 8 संदिग्धों को किया गिरफ्तार

देश में होली से पहले आतंकी साजिश का पर्दाफाश: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से ISI और बांग्लादेशी संगठनों से जुड़े 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। जानें 'फ्री कश्मीर' पोस्टर और 'तंजीम' संगठन से जुड़े इस बड़े सुरक्षा अभियान की पूरी रिपोर्ट।"

2 min read
Feb 22, 2026
Police arrest eight terror suspects tamil nadu and west bengal
देश में आतंकी साजिश नाकाम, पुलिस ने 8 संदिग्धों को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु से पकड़ा (Photo - ANI)

Eight suspects arrested for terror plot before Holi: देश में होली के त्योहार से ठीक पहले एक बड़ी आतंकी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर रची गई इस साजिश के सिलसिले में एक बांग्लादेशी नागरिक सहित कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक समन्वित सुरक्षा अभियान चलाकर इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया।

तमिलनाडु से छह संदिग्धों की गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु से छह संदिग्धों को पकड़ा गया है। इनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। ये आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों के समर्थन में भड़काऊ सामग्री साझा कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान उथुकुली से दो, पल्लडम से तीन और तिरुमुरुगनपुंडी से एक आरोपी को पकड़ा गया। ये सभी संदिग्ध फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट उद्योग में श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे थे। पुलिस को संदेह है कि इन लोगों ने आतंकियों की सहायता की थी और कई प्रमुख शहरों की रेकी भी की थी।

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। इनमें से आठ मोबाइल और 16 सिम कार्ड विशेष रूप से जांच के दायरे में हैं जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पकड़े गए सभी आठों आरोपियों को आगे की कड़ी पूछताछ और कानूनी कार्यवाही के लिए रेल मार्ग से दिल्ली लाया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल से दो पकड़े गए

इस ऑपरेशन के तहत दो अन्य गिरफ्तारियां पश्चिम बंगाल से की गई हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि ये सभी आरोपी सोशल मीडिया के जरिए निरंतर एक-दूसरे के संपर्क में थे। जांच में यह भी सामने आया है कि इन आठ सदस्यों में से चार सदस्य पूर्व में दिल्ली आए थे, जहां उन्होंने 'एआई समिट' के दौरान एक मेट्रो स्टेशन पर ‘फ्री कश्मीर’ और अन्य आपत्तिजनक पोस्टर लगाए थे। इस घटना के बाद वे पुनः तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल लौट गए थे। वर्तमान में दिल्ली पुलिस बांग्लादेशी संगठन ‘तंजीम’ के साथ इनके संभावित संबंधों की गहनता से जांच कर रही है।

दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में हुई इस कार्रवाई से पहले राष्ट्रीय राजधानी में खुफिया अलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों द्वारा दिल्ली के लाल किले के पास किसी मंदिर को निशाना बनाए जाने की आशंका है। लाल किला और चांदनी चौक के आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थल पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba ) के निशाने पर हैं। इनपुट्स से संकेत मिला है कि समूह आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) हमले की साजिश रच सकता है और चांदनी चौक क्षेत्र का एक मंदिर संभावित लक्ष्य हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, 6 फरवरी को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में एक मस्जिद में हुए विस्फोट का बदला लेने के लिए यह संगठन भारत में बड़े हमले की योजना बना सकता है।

Updated on:
22 Feb 2026 10:57 am
Published on:
22 Feb 2026 10:48 am