
Umar Khalid Bail: सुप्रीम कोर्ट से बुधवार को शरजील इमाम और उमर खालिद दोनों को जमानत नहीं मिली। जमानत को इनकार करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा, 'आज नहीं, पहले सरकार का जवाब आने दीजिए।' कोर्ट के इस फैसले के बाद उमर खालिद के पिता का भी बयान सामने आया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हमें उम्मीद थी कि आज फैसला आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लेकिन अब जल्द ही नई बेंच बनाई जाएगी।
अंतरिम जमानत खारिज होने के बाद उमर खालिद के पिता डॉ. सैयद कासिम रसूल ने कहा कि इस मामले में अब ऐसा कुछ भी नहीं है कि कोर्ट को जमानत रद्द करनी पड़े। मामले की कई बार सुनवाई हो चुकी है और पुलिस के पास भी कुछ कहने को नया नहीं है। ऐसे में हमें उम्मीद थी आज जमानत मिल जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कासिम रसूल ने कहा कि उनके बेटे को भले ही आज जमानत नहीं मिली हो, लेकिन इस मामले में तीन जजों की एक नई बेंच बनाई जाएगी। वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले को तीन जजों की पीठ के गठन के लिए चीफ जस्टिस के सामने रखा है। ऐसे में अब सुनवाई तीन जजों की पीठ के सामने होने की संभावना है। लेकिन अगली सुनवाई की तारीख अभी बताई नहीं गई है।
उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं पहले भी अदालतों में खारिज होती आ रही है। इससे पहले 5 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, अदालत ने कहा था कि अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही पूरी होने के बाद या एक साल बीत जाने के बाद वे दोबारा जमानत मांग सकते हैं।
इसके बाद दोनों ने निचली अदालत में फिर से जमानत याचिका लगाई, लेकिन 4 जुलाई 2026 को उनकी मांग खारिज कर दी गई। दिल्ली हाई कोर्ट ने भी 30 सितंबर को इस फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद जमानत का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, यहां भी अंतरिम जमानत नहीं दी गई।