Delhi Weather News Updates Today भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में एक बार फिर बारिश की संभावना व्यक्त की है। दिल्ली में 23 और 24 अक्टूबर को कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 25 सितंबर तक विदा हो जाता है, लेकिन इस बार लगभग एक महीने बाद भी मानसूनी गतिविधियां जारी है।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज ( Delhi Weather News Updates Today ) बदल चुका है। वातावरण में हल्की सर्दी ने दस्तक दे दी है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में एक बार फिर बारिश की संभावना व्यक्त की है। दिल्ली में 23 और 24 अक्टूबर को कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
आमतौर पर दिल्ली में मानसून 25 सितंबर तक विदा हो जाता है, लेकिन इस बार लगभग एक महीने बाद भी मानसूनी गतिविधियां जारी है। दरअसल पश्चिम विक्षोभ के चलते बारिश का दौर अब भी जारी है।
राजधानी का मौसम का बदल रहा है। सुबह और शाम को हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। तापमान में भी खासी गिरावट महसूस की जा रही है। गुरुवार के तापमान की बात करें तो अधिकतम तापामान सामान्य के बराबर 32.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा में नमी का स्तर 31 से 92 फीसदी रहा। दिनभर हल्की धूप खिली रही और मौसम सुहाना रहा। हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की सर्द हवाएं महसूस की गई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
आगामी 23 व 24 अक्तूबर को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम फिर करवट लेगा और सर्दी बढ़ेगी। वहीं तापमान की बात करें तो सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 29 जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
वर्तमान तापमान 16 डिग्री से भी कम है। वहीं पिछले वर्ष 19 अक्टूबर को ही तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया था हालांकि 29 अक्टूबर को ये सबसे कम 12.5 डिग्री था, जो कि 2009 के बाद से सबसे कम रहा। बता दें कि अक्टूबर के महीने में दिल्ली में सबसे कम तापमान 1935 में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया था।