
Lok Sabha 816 Seats: परिसीमन के प्रस्तावित ढांचे में लोकसभा सीटों की संख्या 543 से करीब 50 प्रतिशत बढ़ाकर 816 करने का अनुमान है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार, 28 नवंबर को X पर राज्यवार आंकड़े साझा किए। इनके मुताबिक, सबसे ज्यादा 40 सीटें उत्तर प्रदेश में बढ़ेंगी और वहां आंकड़ा 80 से 120 पहुंच जाएगा। मेघवाल ने इसे देश के संसदीय परिदृश्य को नया आकार देने की दिशा में अहम कदम बताया।
महाराष्ट्र की सीटें 48 से 72 और पश्चिम बंगाल की 42 से 63 होंगी। बिहार 40 से 60 पर पहुंचेगा। मध्य प्रदेश में 29 की जगह 43, गुजरात में 26 की जगह 39 और राजस्थान में 25 की जगह 38 सीटें होंगी।
ओडिशा का आंकड़ा 21 से 31 होगा। असम और झारखंड 14 से 21, पंजाब 13 से 20, छत्तीसगढ़ 11 से 16 तथा हरियाणा 10 से 15 सीटों पर पहुंचेंगे।
पांच दक्षिणी राज्यों के पास अभी कुल 129 सीटें यानी 23.76 प्रतिशत हिस्सेदारी है। नए ढांचे में सीटें 195 और हिस्सेदारी 23.90 प्रतिशत होगी।
तमिलनाडु की सीटें 39 से 59 और हिस्सा 7.18 से 7.23 प्रतिशत होगा। आंध्र प्रदेश 25 से 38 सीटों पर पहुंचेगा, जबकि उसकी हिस्सेदारी 4.60 से 4.65 प्रतिशत बताई गई है। तेलंगाना में सीटें 17 से 26 और हिस्सा 3.13 से 3.18 प्रतिशत होगा।
कर्नाटक की सीटें 28 से 42 और केरलम की 20 से 30 होंगी। मेघवाल के आंकड़ों में इनकी हिस्सेदारी क्रमशः 5.15 और 3.68 प्रतिशत पर बरकरार दिखाई गई है।
दिल्ली की सीटें सात से 11, उत्तराखंड की पांच से आठ, जम्मू-कश्मीर की पांच से सात और हिमाचल प्रदेश की चार से छह होंगी।
अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा दो से तीन सीटों पर पहुंचेंगे। चंडीगढ़, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी और सिक्किम को एक के बजाय दो सीटें मिलेंगी।
दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की दो सीटें बनी रहेंगी। अंडमान-निकोबार, लद्दाख और लक्षद्वीप में पहले की तरह एक-एक सीट रहेगी।
मेघवाल ने राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने के प्रस्ताव को अच्छी बात बताया। उन्होंने कहा, "दक्षिण हो या उत्तर, देश के हर राज्य की अपनी अहमियत है। विकास के साथ किसी भी राज्य के प्रतिनिधित्व का संतुलन बना रहना जरूरी है।"