
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने गुरुवार की शाम को जानकारी दी लि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि ज़रूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा को बुधवार, 2 दिसंबर को फिर से बुलाएं। उन्होंने यह भी बताया कि कामकाज की ज़रूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर को खत्म हो सकती है। संसद के इस विशेष सत्र में सरकार परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल को पास कराना चाहेगी।
एनडीए के पास 320 सांसद हैं। इसमें बीजेपी के पास 241, एनसीपीआई के पास 20, टीडीपी के पास 16, शिवसेना के पास 13, जेडीयू के पास 12, एलजेपी-रामविलास के पास 5, आरएलडी के पास 2, जनसेना पार्टी के पास 2 और जेडीएस के पास 2 सांसद हैं। इनके अलावा एनसीपी, शिरोमणि अकाली दल, असम गण परिषद (एजीपी), आजसू, अपना दल (सोनेलाल), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के पास 1-1 सांसद है।
सरकार बजट सत्र में परिसीमन बिल पास नहीं करा पाई थी। संसद के इस विशेष सत्र में सरकार एक बार फिर परिसीमन का प्रस्ताव पेश कर सकती है और इसे बिल के रूप में पास कराने के लिए वोटिंग कराई जा सकती है। हालांकि अभी तक इस विषय में कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है, लेकिन संसद के विशेष सत्र की तारीख सामने आने पर राजनीतिक गलियारे में इसकी अटकलें तेज़ हो गई हैं।
परिसीमन बिल के ज़रिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक किया जा सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को आसान बनाना माना जा रहा है।
अगर परिसीमन बिल पर वोटिंग होती है, तो इसे पास कराने के लिए सरकार को सदन में दो-तिहाई बहुमत की ज़रूरत होगी। लोकसभा की कुल 543 सीटों में से इस समय संख्या 540 है। परिसीमन बिल पास कराने के लिए सरकार को 360 सांसदों का समर्थन चाहिए और एनडीए के पास 320 सांसद हैं।
डीएमके के पास 22, एनसीपी-(शरद पवार) के पास 8 और वाईएसआरसीपी के पास 4 सांसद हैं। ये एनडीए के साथ नहीं है, लेकिन अगर किसी तरह एनडीए ने परिसीमन बिल पर समर्थन देने के लिए इन तीनों दलों को मना लिया, तो एनडीए को 34 और सांसदों का समर्थन मिल जाएगा और फिर भी आंकड़ा 354 ही पहुंच पाएगा। यानी बहुमत के आंकड़े से 6 कम।
अब गैरहाजिरी की स्थिति पर गौर करते हैं। डीएमके के गैरहाजिर रहने पर बहुमत का आंकड़ा 345 होगा। ऐसे में अगर एनडीए को एनसीपी-(शरद पवार) और वाईएसआरसीपी का समर्थन मिल जाए, तो भी आंकड़ा 332 ही पहुंचेगा। अगर डीएमके और एनसीपी-(शरद पवार) दोनों गैरहाजिर रहे, तो बहुमत का आंकड़ा 340 रहेगा। ऐसे में एनडीए को वाईएसआरसीपी का समर्थन मिलने पर भी उनका आंकड़ा 324 ही पहुंच पाएगा।