राष्ट्रीय

पहले SIR पर संग्राम, अब परिसीमन पर घमासान… क्यों राहुल गांधी के निशाने पर CEC ज्ञानेश कुमार?

परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की संभावित भूमिका को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर आयोग को प्रभावित करने का आरोप लगाया है, वहीं विपक्ष ज्ञानेश कुमार की भूमिका और निष्पक्षता पर सवाल उठा रहा है।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 10:09 AM IST
Delimitation Commission India 2026
एक बार फिर चर्चाओं में आए सीईसी ज्ञानेश कुमार (Photo-IANS)

Gyanesh Kumar Delimitation Controversy: परिसीमन की तैयारी के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से संसद में पेश किए जाने वाले परिसीमन विधेयकों के तहत गठित होने वाले परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित कोई चुनाव आयुक्त सदस्य होगा। इसी प्रावधान को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने उठाए सवाल

लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए आरोप लगाया कि इलेक्शन कमीशन के बाद अब परिसीमन प्रक्रिया में भी ज्ञानेश कुमार की भूमिका होगी। 

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग पहले ही सरकार के प्रभाव में है और अब परिसीमन आयोग में भी वही व्यवस्था दिखाई दे रही है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया। 

परिसीमन आयोग में कौन-कौन होगा शामिल?

परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 की धारा 3 के मुताबिक, परिसीमन आयोग का अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति होगा, जो सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश हो या रह चुका हो। उसकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी।

आयोग में इसके अलावा दो अन्य पदेन सदस्य होंगे। इनमें मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके द्वारा नामित कोई चुनाव आयुक्त और संबंधित राज्य का राज्य निर्वाचन आयुक्त शामिल होगा। चुनाव आयोग के एक सचिव को आयोग का पदेन सचिव बनाया जाएगा।

यहां पदेन सदस्य का अर्थ है कि किसी व्यक्ति को उसके मौजूदा संवैधानिक या प्रशासनिक पद के आधार पर आयोग में सदस्यता मिलेगी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 

राहुल गांधी ने इसी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग के अन्य सदस्यों की नियुक्ति का अधिकार भी प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पास होगा। उनके मुताबिक, इससे परिसीमन आयोग पर सरकार का प्रभाव बढ़ सकता है।

केंद्र सरकार तय करेगी आयोग का कार्यकाल

विधेयक के अनुसार, कानून लागू होने के बाद जल्द से जल्द परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा। आयोग का कार्यकाल केंद्र सरकार तय करेगी और जरूरत पड़ने पर आयोग के अनुरोध पर इसे बढ़ाया भी जा सकेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिसीमन की प्रक्रिया दो साल में पूरी करने का लक्ष्य है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू किया जा सके।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कार्यकाल 26 जनवरी 2029 तक है। ऐसे में परिसीमन प्रक्रिया के अधिकांश समय तक वह इस पद पर बने रहेंगे।

ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग और परिसीमन का मुद्दा एक साथ

विपक्ष का ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अभियान अब तक मुख्य रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केंद्रित रहा है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है और चुनाव आयोग पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है।

मार्च में विपक्ष के 193 सांसदों ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए नोटिस दिया था। इनमें लोक सभा के 130 और राज्य सभा के 63 सांसद शामिल थे। हालांकि, राज्य सभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन नोटिसों को स्वीकार नहीं किया। रिपोर्टों के मुताबिक, नोटिस में पर्याप्त और वैध आधार नहीं होने के कारण इन्हें खारिज किया गया।

इससे पहले सरकार की परिसीमन संबंधी योजना 17 अप्रैल को लोकसभा में दो-तिहाई विशेष बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सकी थी। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए नए सिरे से नोटिस देने की रणनीति बनाई।

31 अक्टूबर को करीब 250 विपक्षी सांसदों ने मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर एक प्रतीकात्मक 'जनता की अदालत' आयोजित कर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था।

क्या ज्ञानेश कुमार खुद बनेंगे सदस्य या किसी को करेंगे नामित?

परिसीमन विधेयक में यह अनिवार्य नहीं किया गया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त स्वयं आयोग के सदस्य बनें। उन्हें अपने स्थान पर किसी अन्य चुनाव आयुक्त को नामित करने का अधिकार दिया गया है।

इससे पहले 2020 में जम्मू-कश्मीर के लिए गठित परिसीमन आयोग में तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा को सदस्य के रूप में नामित किया था। सुशील चंद्रा बाद में मुख्य चुनाव आयुक्त बने और मई 2022 में अंतिम आदेश पर हस्ताक्षर होने तक आयोग के सदस्य रहे।

अब ज्ञानेश कुमार के पास भी दो विकल्प होंगे। वह खुद परिसीमन आयोग में शामिल हो सकते हैं या चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू अथवा विवेक जोशी में से किसी एक को नामित कर सकते हैं।

गौरतलब है कि इन दोनों चुनाव आयुक्तों ने SIR और चुनाव आयोग की संबंधित गतिविधियों को लेकर आंतरिक स्तर पर आपत्तियां दर्ज कराई थीं। हालांकि, पिछले दो वर्षों में आयोग के अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

Updated on:
29 Nov 2026, 10:09 AM IST
Published on:
Also Read
View All
परिसीमन बिल पर विपक्ष की रणनीति बनाने में जुटे खरगे, समर्थन के ऐलान के बाद आज स्टालिन और शरद पवार से करेंगे मुलाकात

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बदली तमिलनाडु की राजनीति, परिसीमन पर क्यों साथ आई DMK, जानें अंदर की बात

दिल्ली से खगड़िया तक 7 कत्ल, अब 10 साल की बच्ची को मारने की थी साजिश; STF से मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया वांटेड मिथिलेश महतो

परिसीमन बिल पर DMK और NCP(SP) ने दिया साथ, अब क्या है हेमंत सोरेन का प्लान? JMM ने रखी ये बड़ी शर्त

पहली लोकसभा में थीं सिर्फ 22 महिला सांसद, अब 2029 में बदल सकता है संसद का पूरा गणित, 33% आरक्षण से बढ़ेगी भागीदारी