29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बदली तमिलनाडु की राजनीति, परिसीमन पर क्यों साथ आई DMK, जानें अंदर की बात

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद बदली तमिलनाडु की राजनीति, परिसीमन पर क्यों साथ आई DMK, जानें अंदर की बात

NCP SP NDA: परिसीमन बिल पर DMK और एनसीपी (एसपी) का रुख कैसे बदला? जानें 50% सीट वृद्धि, 2051 तक रोक, रुके हुए बिल और BJP की बातचीत की कहानी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Manoj Vashisth

•

Updated: 29 Nov 2026, 9:47 AM IST

Lok Sabha delimitation

Lok Sabha Delimitation :तमिलनाडु की हार और कांग्रेस से ब्रेकअप, BJP को ऐसे मिला मौका (फोटो सोर्स: ANI)

Lok Sabha Delimitation: अप्रैल में लोकसभा में 54 वोट से पिछड़ा परिसीमन बिल पैकेज सोमवार (30 नवंबर) के विशेष सत्र में पारित होने की उम्मीद है। मोदी सरकार के 12 साल में संसद में किसी सरकारी बिल की यह पहली हार थी। अब विरोध करने वाली DMK और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) समर्थन के लिए तैयार हैं। नीट पेपर लीक पर छात्र आंदोलन और विपक्ष के 'वोट चोरी' अभियान से दबाव में रही सरकार अब आश्वस्त दिख रही है।

Lok Sabha Seat Increase: दो बड़ी मांगें मानीं

सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने करीब एक साल पहले DMK से संपर्क शुरू किया था। अप्रैल से पहले मध्यस्थों के जरिए तमिलनाडु की सीट हिस्सेदारी पर चिंता दूर करने का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन चुनावी साल में पार्टी तैयार नहीं हुई।

फरवरी में तत्कालीन मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पहल पर विधानसभा में परिसीमन विरोधी प्रस्ताव पारित हुआ। गृह मंत्री अमित शाह ने 16-17 अप्रैल को सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ाने का प्रावधान लाने की पेशकश की, फिर भी DMK नहीं मानी। स्टालिन ने 16 अप्रैल को बिल को 'काला कानून' बताकर उसकी प्रति जलाई थी।

शुक्रवार को कैबिनेट ने बिलों में बड़े बदलाव किए। हर राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी बरकरार रखते हुए सीटें समान रूप से 50% बढ़ाने और यह संख्या 2051 तक स्थिर रखने की मांग लिखित रूप में मानी गई। शनिवार को चेन्नई में सांसदों की बैठक के बाद स्टालिन ने कहा कि पार्टी 25 साल के लिए तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व बचाने में सफल रही। DMK के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं।

चुनावी हार ने बदले समीकरण

विधानसभा चुनाव में अभिनेता सी जोसेफ विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने 234 में से 108 सीटें जीतीं, जो बहुमत से 10 कम थीं। DMK 54 सीटों के साथ काफी पीछे रही।

इसके बाद सहयोगी कांग्रेस विजय सरकार में शामिल हो गई। दो मंत्रियों के साथ उसे 59 साल में पहली बार राज्य की सत्ता में हिस्सेदारी मिली। नाराज DMK ने कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन से नाता तोड़ लिया। सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने 7 मई को स्पीकर ओम बिरला से अलग सीटें मांगीं, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।

विवादित बिलों पर 'लेन-देन'

सूत्रों का दावा है कि समर्थन के बदले सरकार ने कुछ बिल रोके। इनमें 'एक राष्ट्र, एक चुनाव', विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान बिल, 30 दिन जेल में रहने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री को हटाने वाला बिल और एनजीओ की फंडिंग पर असर डालने वाला FCRA संशोधन शामिल हैं। DMK और एनसीपी (एसपी) इनके विरोध में थीं।

जुलाई के मानसून सत्र में पहले तीन बिलों की संयुक्त संसदीय समितियों (JPC) का कार्यकाल बढ़ा और FCRA बिल भी JPC को भेजा गया। वरिष्ठ मंत्री DMK के संपर्क में रहे। एक सहयोगी दल के राज्य मंत्री को चेन्नई दौरे पर इस समर्थन पर टिप्पणी न करने की चेतावनी भी दी गई।

पवार से बातचीत

BJP ने एनसीपी के दोनों गुटों का विलय कराकर उन्हें NDA में लाने की कोशिश भी की। जनवरी में पति अजित पवार के निधन के बाद पार्टी प्रमुख बनीं सुनेत्रा पवार और बेटे पार्थ तैयार नहीं हुए। रिपोर्ट के अनुसार, सुनेत्रा को शरद पवार गुट के अलग दल के रूप में NDA में आने पर आपत्ति नहीं थी। BJP पर पहले अजित पवार को सरकार में लाकर एनसीपी तोड़ने का आरोप लगा था।

10 अगस्त को शरद पवार आठ लोकसभा सांसदों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। घोषित एजेंडा महाराष्ट्र का सूखा था, पर बैठक को परिसीमन से भी जोड़ा गया। बाद में 85 वर्षीय पवार के अस्पताल में भर्ती होने पर मोदी ने फोन किया। पवार के करीबी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने आराम की सलाह देते हुए कहा कि वह और सुप्रिया सुले मिलकर देश का काम देखेंगे। इसे एनसीपी (एसपी) की NDA में एंट्री और सुले के संभावित मंत्री पद से जोड़ा गया।

तमिलनाडु में BJP की सहयोगी AIADMK लंबे समय से DMK की विरोधी रही है। विजय की जीत के बाद BJP, DMK और AIADMK की नजदीकी बढ़ी है। वहीं, एनसीपी (एसपी) के NDA में आने पर महायुति के समीकरण बदल सकते हैं और विपक्ष कमजोर हो सकता है।