राष्ट्रीय

10 मिनट लेट होने पर नहीं मिली एग्जाम में एंट्री, पटना में मैट्रिक की छात्रा ने चलती ट्रेन से लगाई छलांग

पटना में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान सेंटर में प्रवेश नहीं मिलने पर एक छात्रा ने ट्रेन से कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरजमा गांव निवासी कोमल कुमारी के रूप में हुई है।

2 min read
Feb 18, 2026
10 की छात्रा ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

बिहार के पटना से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां 10 वीं की परीक्षा नहीं दे पाने के चलते एक छात्रा ने आत्महत्या करके अपनी जान दे दी। मामला जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के खरजमा गांव का बताया जा रहा है। मृतक छात्रा की पहचान कोमल कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस निर्धारित समय से सिर्फ 10 मिनट लेट एग्जाम सेंटर पहुंची थी लेकिन उसे एंट्री नहीं मिली जिसके बाद उसने चलती ट्रेन से कूदकर अपनी जान दे दी।

9 बजे का था टाइम, 9:10 पर पहुंची कोमल

कोमल का एग्जाम सेंटर धनरूआ के बरनी हाईस्कूल परीक्षा केंद्र में आया था। कोमल सोमवार को ही परीक्षा देने अपने रिश्ते के यहां महाराजचक चली गई थी। रिश्तेदार का घर उसके एग्जाम सेंटर से 6 किलोमीटर की दूरी पर था। सुबह 9 बजे तक कोमल को एग्जाम सेंटर पहुंचना था लेकिन उसे 10 मिनट की देरी हो गई और वह 9:10 पर सेंटर पहुंची। यहां जाने पर उसे सेंटर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इसके बाद कोमल ने काफी विनती की लेकिन इसके बावजूद उसे प्रवेश करने नहीं दिया गया। बहुत मिन्नतें करने के बाद कोमल सेंटर से लौट आई।

चलती ट्रेन से कूदी कोमल

कोमल अपने घर पहुंचने के बाद एग्जाम छूट जाने की बात से तनाव में आ गई थी। परिजनों के मुताबिक कोमल कपड़े बदलकर घर से बाहर चली गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोमल घर से निकल कर नदौल गई और वहां से ट्रेन में बैठ गई। ट्रेन जब आगे बढ़ी तो तरेगना और मसौढ़ी कोर्ट के बीच कोमल ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और कोमल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कोमल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उसके परिवार को हादसे की सूचना दी गई।

कोमल के परिवार का रो-रोकर बूरा हाल

पुलिस ने केस दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कोमल की मौत की खबर सामने आने के बाद से उसके परिवार का रो-रोकर बूरा हाल हो गया है। इसके साथ ही कोमल के गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में है। बता दें कि बिहार में फिलहाल 10वीं बोर्ड की परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। करीब 15.12 लाख छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हो रहे है। इन परीक्षाओं का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है। पहली पाली 9:30 बजे से हैं, जिसमें 9 बजे तक परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है और दूसरी पाली 2 बजे से है जिसमें 1:30 बजे तक छात्र परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकते है। एक मिनट की देरी होने पर भी परीक्षा केंद्रों में छात्रों को एंट्री नहीं मिल रही है।

Published on:
18 Feb 2026 11:34 am
Also Read
View All

अगली खबर