राष्ट्रीय

Diljit Dosanjh Delhi Concert : दिल्ली में 30 अक्टूबर को ही होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट, मंजूरी मिलने के बाद खत्म हुआ सस्पेंस

Diljit Dosanjh Delhi Concert : पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। इससे पहले पुलिस ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए 30 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट की अनुमति देने से इनकार कर दिया था।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 4:07 PM IST
Diljit Dosanjh Delhi Concert
Diljit Dosanjh Delhi Concert (Photo-IANS)

Diljit Dosanjh Delhi Concert : नई दिल्ली। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रहा सस्पेंस अब खत्म हो गया है। 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके 'ऑरा इंडिया टूर' के शो को मंजूरी मिल गई है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों के चलते कार्यक्रम की अनुमति पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें सामने आने लगी थीं। अब बुकमायशो की टीम ने साफ किया है कि शो रद्द नहीं हुआ था, बल्कि इसकी अनुमति अस्थायी रूप से रोकी गई थी।

आयोजकों की बैठक के बाद मिली मंजूरी

आयोजकों ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ को संभालने से जुड़ी अतिरिक्त तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद कार्यक्रम की अनुमति पर दोबारा विचार किया गया और मंजूरी जारी कर दी गई।

बुकमायशो ने बताया- कॉन्सर्ट रद्द नहीं हुआ था

बुकमायशो की टीम की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरें सही नहीं हैं। इवेंट की मंजूरी को कुछ समय के लिए रोका गया था, न कि रद्द किया गया था। त्योहारों के मौसम में सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने इवेंट के आयोजक बुकमायशो लाइव से सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा था।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर दिया भरोसा

अपडेट के अनुसार, बुकमायशो लाइव की टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ सौहार्दपूर्ण बैठक की और कॉन्सर्ट को लेकर अपनी विस्तृत योजना पेश की। आयोजकों ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़ी सभी जरूरी शर्तों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने कॉन्सर्ट को मंजूरी देने पर दोबारा विचार किया और अनुमति दे दी।

फैंस को मिली राहत, दूसरे शहरों में भी होंगे शो

बुकमायशो की टीम ने कहा कि वह दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर काम करेगी, ताकि कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को भी किसी तरह की परेशानी न हो। इस अपडेट से उन फैंस को राहत मिली है, जो शो को लेकर असमंजस में थे। दिलजीत के दिल्ली शो को मंजूरी मिलने के बाद अब उनके फैंस 30 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम का इंतजार कर रहे हैं। उनके 'ऑरा इंडिया टूर' में दिल्ली के बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत अन्य शहरों में भी कॉन्सर्ट हैं।

आम आदमी पार्टी ने सरकार पर लगाए पक्षपात के आरोप

कॉन्सर्ट की अनुमति पहले रोके जाने के फैसले पर आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दिलजीत दोसांझ जैसे पंजाबी कलाकारों के प्रति पक्षपात कर रही है। भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि दिलजीत ने किसान आंदोलन का समर्थन किया था और छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर भी आवाज उठाई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी फिल्म 'सुतलेज' पर पहले रोक लगाई गई थी।

Updated on:
23 Oct 2026, 4:07 PM IST
Published on: