
Diwali Weather Update: दीपावली त्योहार के लिए हल्की ऊनी कपड़े निकालने की तैयारी कर लें। क्योंकि उत्तर भारत में मौसम बदलने के संकेत हैं। नवंबर की शुरूआत यानी दीपावली के दिनों में हल्की ठंड रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। दिन में धूप के कारण गर्मी बनी हुई है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से सर्दी की आहट तेज हो गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बीच मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव आ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सफदरजंग केंद्र पर बीती रात का न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री के आसपास रहा। राजधानी में न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा।
पहाड़ी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुफरी, मनाली और लाहौल-स्पीति सहित कई क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग समेत कुछ क्षेत्रों में भी हिमपात हुआ है। इसका असर मैदानी इलाकों के मौसम पर भी पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और मध्य प्रदेश में बारिश के लंबे दौर के बाद अब मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने लगा है। सुबह-शाम तापमान में गिरावट से लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है।
रातें ठंडी होने के बावजूद अभी दिन में तेज ठंड पड़ने जैसी स्थिति नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अक्टूबर के शेष दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। फिलहाल इसे कड़ाके की सर्दी की शुरुआत मानना जल्दबाजी होगी। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में इसके विपरीत पूर्वोत्तर मानसून के कारण बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
| शहर | न्यूनतम तापमान |
|---|---|
| दिल्ली | 17.7°C |
| जयपुर | 20.0°C |
| अजमेर | 19.0°C |
| चूरू | 18.4°C |
| चंडीगढ़ | 14.3°C |
| अमृतसर | 18.6°C |
| लुधियाना | 17.2°C |
| गुरुग्राम | लगभग 17–18°C |