राष्ट्रीय

डीएमके नहीं झुकी: इंडिया गठबंधन की मनुहार बेअसर, स्टालिन बोले- तमिलनाडु के हित में परिसीमन विधेयक का समर्थन जरूरी

Delimitation Bill 2026: इंडिया गठबंधन द्वारा एमके स्टालिन को मनाने की पूरी कोशिश बेकार रही। स्टालिन ने परिसीमन बिल पर अपना रुख नहीं बदला है। इसके साथ ही उन्होंने बिल को तमिलनाडु के हित में बताया।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 8:05 PM IST
MK Stalin Confirmed Support Delimitation Bill
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (फोटो-ians)

MK Stalin On Delimitation Bill: संसद में सोमवार को पेश होने वाले परिसीमन और संवैधानिक संशोधन विधेयकों से पहले चेन्नई का आलवारपेट स्थित डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन का आवास राष्ट्रीय राजनीति का केंद्र बन गया, जहां इंडिया गठबंधन के शीर्ष नेताओं ने डीएमके को विधेयक के समर्थन से पीछे हटाने की आखिरी कोशिश की। लेकिन लगभग एक घंटे तक चली बातचीत के बाद भी डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन अपने रुख पर कायम रहे और स्पष्ट कर दिया कि तमिलनाडु के राजनीतिक हितों की रक्षा के लिए विधेयक का समर्थन करना ही एकमात्र व्यावहारिक विकल्प है।

INDIA Alliance के दिग्गज नेता आए मुलाकात में

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, सीपीएम महासचिव एम.ए. बेबी, डी.के. शिवकुमार, रेवंत रेड्डी समेत इंडिया गठबंधन के 21 नेताओं ने चेन्नई पहुंचकर स्टालिन से मुलाकात की और परिसीमन विधेयक का विरोध करने की अपील की।

मुलाकात से पहले राहुल गांधी ने कहा था कि प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था लोकतांत्रिक संतुलन को प्रभावित कर सकती है और इससे चुनावी मानचित्र को सत्तापक्ष के अनुकूल ढालने की आशंका है। उन्होंने स्टालिन से संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा के लिए विधेयक का विरोध करने का अनुरोध किया।

स्टालिन अपने फैसले पर अड़िग

हालांकि बैठक के बाद एम.के. स्टालिन ने साफ शब्दों में कहा कि यदि यह विधेयक विफल हो जाता है तो तमिलनाडु अपनी न्यूनतम सुरक्षा भी खो देगा। उनका तर्क था कि जनवरी 2027 में गठित होने वाला परिसीमन आयोग दक्षिणी राज्यों के हितों को प्रभावित कर सकता है और उस स्थिति को बाद में बदलने के लिए पर्याप्त राजनीतिक शक्ति उपलब्ध नहीं होगी।

स्टालिन ने कहा कि डीएमके द्वारा शुरू से उठाई गई मांगों और शर्तों को नए परिसीमन विधेयक में शामिल किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि 1971 के बाद की जनगणना के आधार पर भी यदि भविष्य में परिसीमन हुआ तो तमिलनाडु और अन्य दक्षिणी राज्यों की संसद में हिस्सेदारी प्रतिशत के रूप में घट सकती है। उनके अनुसार यह दक्षिणी राज्यों के लिए "जीवन और अस्तित्व" का प्रश्न है।

उन्होंने कहा, "संसद में हमारे वर्तमान संख्या बल का उपयोग करते हुए हमने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु की राजनीतिक ताकत को सुरक्षित किया है। इस मुद्दे पर भावनाओं में बहकर या जोखिम लेकर निर्णय लेने की कोई गुंजाइश नहीं है।"

राहुल की एक्स पोस्ट का दिया जवाब

इससे पहले एक्स पोस्ट पर राहुल गांधी द्वारा डीएमके की भूमिका की सराहना किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने कहा था कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और आगे भी ऐसा ही करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास डीएमके को वीरापांडिया कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, "एट्टप्पन" के रूप में नहीं।

राजनीतिक दृष्टि से इस घटनाक्रम ने इंडिया गठबंधन के भीतर परिसीमन मुद्दे पर उभरते मतभेदों को सार्वजनिक कर दिया है। जहां कांग्रेस और उसके सहयोगी दल विधेयक का विरोध कर रहे हैं, वहीं डीएमके इसे तमिलनाडु के दीर्घकालिक राजनीतिक हितों की रक्षा का माध्यम बता रही है। संसद में इस संवैधानिक संशोधन के लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी और लोकसभा में 22 तथा राज्यसभा में 8 सांसदों वाली डीएमके का समर्थन सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Updated on:
29 Nov 2026, 8:05 PM IST
Published on: