व्हाइट हाउस का चौंकाने वाला दावा! शिकागो में दिल्ली से भी ज़्यादा हत्याएँ हो रही हैं, इस्लामाबाद से तो दोगुनी से भी ज़्यादा! हालांकि, शिकागो पुलिस के आंकड़े इस दावे को चुनौती देते हैं, जिसमें इस साल पहली छमाही में हत्याओं में 32% की कमी दर्ज की गई है। शनिवार को हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में एक की मौत और चार घायल होने की खबरों के बीच शहर में अपराध पर बहस जारी है।
दिल्ली से ज्यादा हत्याएं अमेरिका के शिकागो में हो रही हैं। व्हाइट हाउस ने इस बात का दावा किया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने शिकागो शहर में हत्या की संख्या की तुलना पाकिस्तान के इस्लामाबाद और नई दिल्ली से की।
लेविट ने कहा कि शिकागो की हत्या दर इस्लामाबाद की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है। वहीं, नई दिल्ली की तुलना में लगभग 15 गुना अधिक है। इस बीच, शिकागो के मेयर ब्रैंडन जॉनसन ने शनिवार को अपना नया आदेश जारी किया है।
जॉनसन ने कहा कि हम अपनी सड़कों पर सैन्य चौकियां या बख्तरबंद गाड़ियां नहीं चाहते और हम परिवारों को बिखरते हुए नहीं देखना चाहते। हम सभी शिकागोवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कोई भी कदम उठाएंगे।
बता दें कि शिकागो में बढ़ते क्राइम को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि वह लोगों की रक्षा के लिए शिकागो में नेशनल गार्ड तैनात करेंगे। जिसके जवाब में जॉनसन ने प्रतिक्रिया दी।
व्हाइट हाउस की चेतावनियों के बावजूद, शिकागो पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष की पहली छमाही में हत्याओं की संख्या 32% घटकर 188 रह गई, जो 2014 के बाद से इस अवधि का सबसे कम स्तर है। कुल मिलाकर हिंसक अपराध में 23% की गिरावट आई और वाहन चोरी में 28% की गिरावट आई।
इस बीच, कैलिफोर्निया के सांसद और लॉस एंजिल्स काउंटी के अधिकारी नए नियमों को लागू करने पर विचार कर रहे हैं। जो संघीय आव्रजन एजेंटों सहित कानून प्रवर्तन अधिकारियों को शहर में मास्क पहनने से रोकेंगे।
बता दें कि शिकागो शहर में शनिवार को ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली। चारों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया।
पुलिस को एक और गोली लगने वाले व्यक्ति के बारे में भी बताया गया जो पास के एक अस्पताल में पहुंचा। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है। दो लोगों की हालत गंभीर है और दो अन्य की हालत स्थिर है।