राष्ट्रीय

दवा प्रतिरोधी टीबी के इलाज में मिली नई उम्मीद, दो एंटीबायोटिक का कॉम्बिनेशन 90% तक असरदार

टीबी के दवा प्रतिरोधी बैक्टीरिया के खिलाफ IISc के वैज्ञानिकों ने नई रणनीति खोजी है। आइसोनियाजिड और वैनकोमाइसिन के संयोजन ने प्रयोगशाला परीक्षण में 90% तक असर दिखाया, जबकि चूहों के फेफड़ों में बैक्टीरिया का भार करीब 10 गुना घटा।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 2:00 AM IST
Drug news
AI Image-(ChatGpt)

Tuberculosis Treatment: टीबी (क्षय रोग) के इलाज में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख दवा आइसोनियाजिड के प्रति बैक्टीरिया में बढ़ता दवा प्रतिरोध वैज्ञानिकों के लिए चुनौती बन गया है। इससे निपटने के लिए भारतीय विज्ञान संस्थान (आइआइएससी), बेंगलूरु के शोधकर्ताओं ने नई रणनीति खोजी है। वैज्ञानिकों ने पाया कि आइसोनियाजिड को एक अन्य एंटीबायोटिक वैनकोमाइसिन के साथ देने से दवा प्रतिरोधी टीबी बैक्टीरिया पर इसका असर बढ़ जाता है। प्रयोगशाला परीक्षणों में यह संयोजन प्रतिरोधी बैक्टीरिया के खिलाफ 90 फीसदी तक प्रभावी पाया गया।

टीबी माइक्रोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक बैक्टीरिया से होती है। आइआइएससी के जैव रसायन विभाग के शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय क्षय रोग संस्थान के सहयोग से मरीजों के बलगम के नमूनों से मिले दवा प्रतिरोधी बैक्टीरिया पर दोनों दवाओं का परीक्षण किया। यह संयोजन मल्टीड्रग-रेसिस्टेंट (एमडीआर) टीबी बैक्टीरिया पर भी असरदार पाया गया।

इस तरह काम करता है दवाओं का संयोजन


आइसोनियाजिड को प्रभावी होने के लिए बैक्टीरिया के भीतर मौजूद एक विशेष एंजाइम के सक्रिय होने की जरूरत होती है। आनुवंशिक बदलावों के कारण प्रतिरोधी बैक्टीरिया इस प्रक्रिया को बाधित कर देते हैं। दूसरी ओर, वैनकोमाइसिन को बैक्टीरिया के भीतर प्रवेश करने में कठिनाई होती है। दोनों दवाएं साथ देने पर कोशिका भित्ति कमजोर होती है, जिससे वैनकोमाइसिन को भीतर पहुंचकर बैक्टीरिया नष्ट करने में मदद मिलती है।

चूहों पर भी किया परीक्षण


आइआइएससी के सेंटर फॉर इन्फेक्शियस डिजीज रिसर्च (सीआइडीआर) और माइक्रोबायोलॉजी एंड सेल बायोलॉजी (एमसीबी) विभाग के प्रोफेसर अमित सिंह के सहयोग से चूहों पर परीक्षण किया गया। दस दिन के प्रयोग में अकेली आइसोनियाजिड या वैनकोमाइसिन से बैक्टीरिया की संख्या में खास कमी नहीं आई। जबकि दोनों के संयोजन से चूहों के फेफड़ों और तिल्ली में बैक्टीरिया का भार करीब 10 गुना घट गया। फेफड़ों में ग्रैनुलोमा (संक्रमण से बनने वाली गांठों) की संख्या भी कम हुई। आइआइएससी की प्रोफेसर नागासुमा चंद्रा के अनुसार, अध्ययन का उद्देश्य आइसोनियाजिड की प्रभावशीलता दोबारा बहाल करना था। अब इस संयोजन को क्लीनिकल ट्रायल की दिशा में आगे बढ़ाने पर काम हो रहा है। मरीजों पर इस्तेमाल से पहले इसकी सुरक्षा और प्रभावशीलता का परीक्षण जरूरी होगा।

एमडीआर टीबी इसलिए है खतरनाक


मल्टीड्रग-रेसिस्टेंट (एमडीआर) टीबी सामान्य टीबी से ज्यादा खतरनाक होती है। इसमें टीबी के बैक्टीरिया कम से कम दो प्रमुख दवाओं आइसोनियाजिड और रिफैम्पिसिन के प्रति प्रतिरोधी हो जाते हैं। इससे इलाज लंबा, महंगा और जटिल हो जाता है। समय पर सही उपचार नहीं मिलने पर यह जानलेवा भी हो सकती है।

Published on: