राष्ट्रीय

बंगाल चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल, ECI के आदेश पर 13 IAS ऑफिसर का ट्रांसफर

Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले ECI ने 13 IAS अधिकारियों का तबादला किया। निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक फेरबदल तेज किया गया है।

2 min read
Mar 18, 2026
ECI के आदेश पर 13 जिलाधिकारियों का ट्रांसफर (IANS)

Bengal Assembly Election: भारत के ईसीआई (Election Commission of India) ने पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों से पहले प्रशासनिक फेरबदल तेज करते हुए 13 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के ट्रांसफर का बड़ा आदेश जारी किया है। ये सभी अधिकारी जिला मजिस्ट्रेट (DM) के पद पर कार्यरत थे और साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के पद पर कार्यरत थे।

किसे क्या मिली जिम्मेदारी?

दोपहर में जारी अधिसूचना के मुताबिक, 2016 बैच के आईएएस अधिकारी जितिन जादव को कूचबिहार का नया DM-cum-DEO बनाया गया है, जबकि इसी बैच के संदीप घोष को जलपाईगुड़ी जिले की कमान सौंपी गई है।

इसके अलावा, 2016 बैच के विवेक कुमार को उत्तर दिनाजपुर का DM-cum-DEO नियुक्त किया गया है। वहीं 2012 बैच के राजनवीर सिंह कपूर को संवेदनशील माने जाने वाले मालदा जिले की जिम्मेदारी दी गई है।

अति-संवेदनशील मुर्शिदाबाद जिले में 2010 बैच के आर अर्जुन को DM-cum-DEO बनाया गया है। 2015 बैच के श्रीकांत पल्ली को नदिया जिले में नियुक्ति मिली है, जबकि 2016 बैच की श्वेता अग्रवाल को पूर्व बर्दवान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कोलकाता से जुड़े अहम प्रशासनिक बदलावों में, 2005 बैच की स्मिता पांडेय को Kolkata Municipal Corporation (केएमसी) का नगर आयुक्त-cum-DEO (कोलकाता उत्तर) बनाया गया है। वहीं 2006 बैच के रणधीर कुमार को कोलकाता (दक्षिण) निर्वाचन ज़िले का नया DEO नियुक्त किया गया है।

कोलकाता के आसपास के जिलों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। 2009 बैच की सिल्पा गौरीसरिया को उत्तर 24 परगना, जबकि 2012 बैच के अभिषेक कुमार तिवारीको दक्षिण 24 परगना का DM-cum-DEO बनाया गया है।

इसके अलावा, 2013 बैच केहरिशंकर पणिक्कर को दार्जिलिंग और टी बालासुब्रमण्यम को अलीपुरद्वार ज़िले का DM-cum-DEO नियुक्त किया गया है।

अगले महीने होंगे चुनाव

इससे पहले, ईसीआई ने डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) रैंक के पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश भी जारी किए थे, जो राज्य के विभिन्न डिवीज़नों में तैनात थे। गौरतलब है कि अगले महीने पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होना है। चुनावी निष्पक्षता और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ईसीआई लगातार विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों के तबादले कर रहा है।

शीर्ष स्तर से शुरू हुई प्रक्रिया

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक सूत्र के अनुसार, तबादलों की यह प्रक्रिया शीर्ष स्तर से शुरू हुई थी। इसमें नौकरशाही में मुख्य सचिव और गृह सचिव, जबकि पुलिस विभाग में महानिदेशक (DGP) और अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) स्तर के अधिकारी शामिल थे।

तबादलों का दौर जारी

सूत्र ने बताया कि अब मिड-लेवल अधिकारियों जैसे डीएम, डीआईजी, पुलिस अधीक्षक और डिप्टी कमिश्नर के तबादलों का दौर जारी है। अगले चरण में निचले स्तर के अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, जिसमें प्रशासनिक सेवा के अतिरिक्त ज़िला मजिस्ट्रेट, उप मंडल अधिकारी और ब्लॉक विकास अधिकारी शामिल होंगे। वहीं पुलिस विभाग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी एसपी, सहायक एसपी, सहायक आयुक्त और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे।

Also Read
View All

अगली खबर