
प्रवर्तन निदेशालय - ईडी (Enforcement Directorate - ED) के कोलकाता जोनल ऑफिस-I ने बुधवार को बिज़नेसमैन कैलाश चंद दुजारी को गिरफ्तार किया है। वह अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के प्रमोटर डायरेक्टर है। यह गिरफ्तारी डिपॉज़िट स्कीम इन्वेस्टमेंट फ्रॉड (जमा योजना निवेश धोखाधड़ी) मामले की जांच के सिलसिले में 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत की गई है। इस मामले में दुजारी को कोलकाता की विशेष PMLA अदालत के सामने पेश किया गया, जिसने उसे 26 नवंबर तक 7 दिनों के लिए ईडी की कस्टडी में भेज दिया।
ईडी ने अपनी जांच की शुरुआत सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) द्वारा दर्ज कराई गई आपराधिक शिकायत के आधार पर की। यह शिकायत दुजारी, अमृत ग्रुप की कंपनियों और अन्य लोगों के खिलाफ 'कंपनी अधिनियम, 2013' की विभिन्न धाराओं (जिसमें धारा 447 भी शामिल है) के तहत दर्ज की गई थी। धारा 447 के तहत किया गया अपराध PMLA, 2002 के अंतर्गत एक (अनुसूचित अपराध) है। जांच में पता चला कि दुजारी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर और अपनी कंपनियों के ज़रिए 300 करोड़ रूपए से ज़्यादा की रकम जुटाई, जो मुख्य रूप से नकद के रूप में थी। इसमें से सिर्फ 131.86 करोड़ रूपए ही अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज़ की हिसाब की किताबों में दर्ज किए गए। यह रकम सामान्य जनता से विभिन्न डिपॉज़िट स्कीमों के तहत जुटाई गई थी, जिसमें उन्हें ज़्यादा रिटर्न देने का वादा किया गया था।
जमाकर्ताओं को उनका पैसा वापस नहीं मिला, बल्कि दुजारी और उसके साथियों ने इस रकम को अचल संपत्तियाँ खरीदने और निर्माण परियोजनाओं में लगा दिया। यह काम उन्होंने अपनी उन कंपनियों के ज़रिए किया, जो उनसे जुड़ी थीं या उनके नियंत्रण में थीं। इससे पहले इस मामले में PMLA, 2002 की धारा 17 के तहत 16 सितंबर और 12 अक्टूबर को तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की गई थी। इसके परिणामस्वरूप 5.48 करोड़ रूपए नकद, आभूषण, बैंक बैलेंस और निवेश और 4800 अमेरिकी डॉलर की विदेशी मुद्रा बरामद की गई थी। इसके अलावा प्रमोटरों/निदेशकों द्वारा जयपुर, इंदौर और दिल्ली के होटलों और इसके साथ ही स्कूलों, आवासीय परिसरों और पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड आदि राज्यों में भूखंडों में किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इनमें बेनामी व्यक्तियों/संस्थाओं के नाम पर किए गए लगभग 50 करोड़ रूपए के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी शामिल हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।