
Mamata Banerjee rally: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की रैली के दौरान बालीगंज फाड़ी और हाजरा क्रॉसिंग के बीच भारी हंगामा हुआ। जब TMC प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में रैली आगे बढ़ रही थी, तो भीड़ के एक हिस्से ने अचानक रैली पर अंडे फेंके। इसी बीच वहां मौजूद लोगों और विरोधी गुट ने चोर-चोर के नारे लगाए, जिससे TMC और BJP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई।
नारे लगते ही बीजेपी समर्थक और TMC कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हाथापाई होने लगी।
पुलिस को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फोर्स ने दोनों गुटों को अलग करने की कोशिश की। थोड़ी देर में स्थिति काबू में आई, लेकिन इलाके में तनाव बना रहा।
ममता बनर्जी ने इस घटना को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला लोकतंत्र पर हमला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि विपक्षी ताकतें रैली बिगाड़ने की साजिश रच रही थीं। वहीं बीजेपी ने इसे टीएमसी के अंदरूनी कलह का नतीजा बताया।
भाजपा के साथ झड़प में टीएमसी युवा विंग के कार्यकर्ताओं के घायल होने के बाद ममता बनर्जी ने कहा- लोगों को उन टीएमसी नेताओं को माफ नहीं करना चाहिए जो गद्दार हैं और BJP के साथ मिल गए हैं; दो नावों पर सवार होने की कोशिश न करें, अभी भी समय है कि पीछे मुड़कर देखें और इस बर्बरता पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा- बारुईपुर रेप-मर्डर केस के विरोध में प्रदर्शन करने पर 50 लोगों को गिरफ्तार किया गया, मैंने अपने कार्यकाल के दौरान आरजी कर घटना के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों को कभी अरेस्ट नहीं कराया।
बता दें कि बालीगंज और हाजरा इलाका कोलकाता का व्यस्त इलाका है। यहां आम दिन में भी ट्रैफिक रहता है। रैली के दौरान सड़क बंद थी, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हुई। कई दुकानदारों ने दुकानें जल्दी बंद कर दीं। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह घटना पश्चिम बंगाल की सियासत में नया मोड़ ला सकती है। ममता बनर्जी की रैलियां आमतौर पर शांतिपूर्ण मानी जाती हैं। लेकिन इस बार विरोध इतना खुलकर सामने आया कि सवाल उठ रहे हैं। क्या TMC के खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है? या फिर यह विपक्ष द्वारा रचाई गई साजिश है?
पुलिस ने अभी तक कई लोगों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। किसने अंडा फेंका, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अगर साजिश साबित हुई तो कार्रवाई होगी।