
El Nino Impact: हिंद महासागर से लेकर हिंदूकुश-हिमालय क्षेत्र तक इस मौसम का मिजाज बदल सकता है। मजबूत होते अल नीनो के प्रभाव से नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच हिंदूकुश-हिमालय क्षेत्र के कई देशों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। इससे नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में बारिश बढ़ने के साथ पश्चिमी हिमालय में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा पैदा हो सकता है। इंटरनेशनल सेंटर फॉर इंटीग्रेटेड माउंटेन डेवलपमेंट (आइसीआइएमओडी) की ताजा रिपोर्ट 'एचकेएच विंटर आउटलुक 2026' में यह चेतावनी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हिमालय की तलहटी वाले इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। भारत के उत्तरी हिस्सों, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और नेपाल के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बर्फ जमने का अनुमान है। वहीं, भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग क्षेत्र में बर्फ की मात्रा सामान्य से कम रह सकती है।
अमरीकी राष्ट्रीय समुद्री एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के अनुसार अल नीनो मजबूत से अत्यधिक मजबूत स्थिति में पहुंच सकता है। इसके 1950 के बाद दर्ज सबसे शक्तिशाली अल नीनो बनने की करीब 60 प्रतिशत संभावना है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि ज्यादा बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं का जोखिम बढ़ सकता है। दूसरी ओर, कुछ इलाकों में बारिश की कमी और शुष्क मौसम के कारण जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने का खतरा भी बना रहेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौसम की इन परिस्थितियों से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग और स्थानीय स्तर पर पूर्व चेतावनी तंत्र मजबूत करना जरूरी है।