राष्ट्रीय

EX CM: बगावत कंफर्म! चंपई सोरेन ने घर और X से हटाया पार्टी का नाम, 6 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं कोल्हान टाइगर

EX CM Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री चंपई सोरेन के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की चर्चा तेज है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह JMM के 6 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

3 min read
Champai Soren

EX CM Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री चंपई सोरेन (Champai Soren) के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की चर्चा तेज है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह JMM के 6 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इन्हीं चर्चाओं के बीच चंपई सोरेन रविवार को राजधानी दिल्ली पहुंचे। पूर्व सीएम चंपई सोरेन से पत्रकारों ने जब भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने से जुड़ा सवाल किया तो उन्होंने बताया, "मैं अपने निजी काम के लिए दिल्ली आया हूं। मेरे बच्चे यहां रहते हैं, उनसे मिलने आया हूं। इसलिए दिल्ली आना-जाना लगा रहता है। इसी वजह से आज भी दिल्ली आया हूं।" भाजपा में शामिल होने के सवाल पर चंपई सोरेन ने मीडिया के सामने एक बार फिर दोहराया, ''अभी मैं जहां पर हूं, वहीं हूं।''

हटाया पार्टी का झंडा

कोलकाता में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात के सवाल पर चंपई सोरेन ने कहा , "मेरी कोलकाता में किसी से मुलाकात नहीं हुई है। मैं निजी काम से दिल्ली आया हूं। बाद में आप लोगों को बताउंगा।" दूसरी ओर चंपई सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X से अपनी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का नाम हटा दिया है। वहीं, उनके पैतृक गांव स्थित घर से भी पार्टी का झंडा हटाया गया है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम नेता चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि झारखंड सरकार को तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

हेमंत सोरेन ने जताया था भरोसा

प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई सोरेन 2 फरवरी 2024 से 3 जुलाई 2024 तक झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। हालांकि, हेमंत सोरेन ने जमानत पर जेल से बाहर निकलने के बाद फिर से सीएम की कुर्सी संभाली थी। उस समय भी चंपई सोरेन की सीएम पद से विदाई के बाद नाराजगी की खबरें सामने आई थी। दावा तो यहां तक किया गया था कि काफी मनाने के बाद चंपई सोरेन ने हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल में शामिल होने का प्रस्ताव स्वीकार किया था।

फिलहाल संभाल रहे कई बड़े मंत्रालय

चंपई सोरेन ने 3 जुलाई को झारखंड सीएम के पद से इस्तीफा दिया था। फिर 7 जुलाई को जब हेमंत सोरेन (Hemant Soren) फिर से राज्य की सत्ता पर बैठे उसके बाद पूर्व सीएम चंपई सोरेन को हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में जल संसाधान विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग मंत्रालय मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चंपई इन दिनों झारखंड और दिल्ली के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। उनके अलावा जेएमएम के पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम समेत अन्य कुछ बड़े नेता भी चंपई के साथ बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चंपई सोरेन को झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी कुछ बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।

इस्तीफा देने के बाद छलका था चंपई सोरेन का छलका दर्द

कोल्हान टाइगर के नाम से मशहूर चंपई सोरेन का दर्द झारखंड के सीएम पद से हटने पर छलक पड़ा था। सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद चंपई सोरेन ने कहा था कि उन्हें थोड़ा और समय मिलता तो राज्य के विकास के लिए और भी बहुत कुछ करने की इच्छा थी। मीडिया से बात करते हुए चंपई सोरेन ने कहा था कि काम करने वाले व्यक्ति की सभी इच्छाएं कभी पूरी नहीं होतीं। मैंने सीएम के रूप में अच्छा काम करने का प्रयास किया। हमने सभी जाति, समुदाय के लोगों के लिए कई तरह की योजनाएं लाईं। मैं कम समय में जितना काम कर पाया, उससे संतुष्ट हूं।

Updated on:
18 Aug 2024 04:18 pm
Published on:
18 Aug 2024 03:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर