कर्नाटक पुलिस ने भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ मुस्लिम महिलाओं पर विवादित बयान देने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। अब्दुल कलाम की शिकायत पर कोप्पल सिटी पुलिस स्टेशन ने मामला दर्ज किया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि यतनाल के बयान से दोनों समुदायों के बीच नफरत फैल सकती है।
मुस्लिम महिलाओं पर विवादित बयान देने वाले विधायक की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। कर्नाटक पुलिस ने विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कोप्पल सिटी पुलिस स्टेशन ने कुवेम्पुनगर निवासी अब्दुल कलाम की शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की। अब्दुल कलाम ने कहा कि यतनाल के बयान ने दोनों समुदायों के बीच नफरत फैलाने का काम किया है।
कलाम ने अपनी शिकायत में कहा कि विधायक ने मुस्लिम महिलाओं को अपमानजनक और पूर्वाग्रही मानसिकता से देखा और उनका अपमान किया।
बता दें कि यतनाल ने कुछ ही दिनों पहले कोप्पल शहर में विवादित बयान दिया था। जहां, वह हिंदू कार्यकर्ता गविसिद्दप्पा नायक के परिवार से मिलने गए थे।
बताया जाता है कि एक मुस्लिम नाबालिग लड़की के साथ संबंध होने के कारण कुछ लोगों ने नायक की हत्या कर दी थी। शोकाकुल परिवार से मिलने के बाद, यतनाल ने घोषणा की कि वह एक कार्यक्रम शुरू करेंगे, जिसके तहत मुस्लिम महिलाओं से शादी करने वाले हिंदू युवकों को 5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमें हत्या करने वालों को करारा जवाब देना होगा। यतनाल ने यह भी कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देती है, लेकिन हिंदू युवकों को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आता। विधायक की टिप्पणी से राज्य में राजनीतिक विवाद छिड़ गया।
यतनाल को हाल ही में भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था। यतनाल ने कहा कि गाविसिद्दप्पा नायक पर मस्जिद के सामने एक गिरोह ने कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया।
लेकिन किसी ने भी हमले को रोकने के लिए कदम नहीं उठाया। लव जिहाद के मामलों में सरकार अल्पसंख्यकों को सुरक्षा देती है। गौरतलब है कि 26 वर्षीय गविसिद्दप्पा नायक की 3 अगस्त की रात हत्या कर दी गई थी।