
मुंबई। टीवी अभिनेता आयुष शाह से 4.44 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई के ओशिवारा थाने में विमानन प्रशिक्षण संस्थान माईफ्लेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों और उनके परिवार के सदस्यों सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अभिनेता ने आरोप लगाया है कि फर्जी बैंक विवरण, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और निवेश के वादों के जरिए उनका भरोसा जीतकर बड़ी रकम ली गई।
आयुष शाह महाभारत, नव्या और उतरन जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम कर चुके हैं। एफआईआर में कंपनी के निदेशक बिश्वजीत बादल घोष, उनकी पत्नी पियाली श्यामलेंदु चटर्जी और निदेशक शबाब हुसैन के नाम शामिल हैं। इनके अलावा बिश्वजीत की बहन बिजोया सुब्रतकुमार दास और पिता बादल चंद्र घोष को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी बैंक खाते के विवरण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज दिखाए। इसके साथ ही कार्यालय परिसर और पुरस्कारों को लेकर भी कई दावे किए गए।
शिकायत में भविष्य में निवेश करने का भरोसा देने की बात भी कही गई है। आयुष शाह का आरोप है कि इन बातों के जरिए उनका विश्वास हासिल किया गया और उन्हें अलग-अलग समय पर बड़ी रकम निवेश करने के लिए तैयार किया गया। इससे उन्हें करीब 4.44 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ। अभिनेता आयुष शाह ने कहा कि उन्हें आशंका है कि इस तरह की परेशानी का सामना करने वाले वह अकेले व्यक्ति नहीं हैं। ऐसे कई लोग हो सकते हैं, जिनके साथ इसी तरह की कथित धोखाधड़ी हुई हो, लेकिन वे सामने नहीं आए।
उन्होंने बिश्वजीत घोष और उनके परिवार से जुड़े ऐसे किसी भी मामले का सामना करने वाले लोगों से आगे आकर शिकायत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखना चाहिए और अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।आयुष शाह के वकील गोविंद घोगरे ने कहा कि एफआईआर में आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। शिकायत के साथ वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजी साक्ष्य भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और तथ्यों की पड़ताल के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे। अब पुलिस वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और निवेश से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।